दिल्ली मार्च: गाजीपुर में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता हिरासत में, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में शनिवार को उस वक्त तनाव बढ़ गया जब दिल्ली की ओर कूच कर रहे यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बीच रास्ते से ही रोक लिया। ये कार्यकर्ता ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर उनके मार्च पर लगाम लगा दी।
जानकारी के मुताबिक, पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व छात्र संघ महासचिव सुधांशु तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का एक दल दिल्ली के लिए निकला था। जैसे ही यह समूह सिंचाई विभाग के चौराहे पर पहुंचा, वहां तैनात पुलिस बल ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और उन्हें कोतवाली थाने ले गई।
लोकतंत्र की आवाज दबाने की कोशिश: यूथ कांग्रेस
इस कार्रवाई के बाद यूथ कांग्रेस में भारी आक्रोश है। संगठन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सरकार पुलिस का इस्तेमाल कर विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। यूथ कांग्रेस अधिकारियों का तर्क है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना और अपनी मांगें रखना हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन पुलिस की इस कार्रवाई ने उनके अधिकारों का हनन किया है।
हिरासत में लिए गए प्रमुख चेहरों में सुधांशु तिवारी के साथ अंशु पांडे, प्रवीण दुबे, शशांक उपाध्याय, प्रकाश राय, ताम्रध्वज कुमार और चंद्रहास यादव शामिल हैं। कार्यकर्ताओं ने साफ किया है कि इस तरह की पाबंदियों से उनका हौसला नहीं टूटेगा और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ-साथ अन्य मुद्दों पर उनका आंदोलन जारी रहेगा।