वाराणसी: सीएम योगी ने बाबा काल भैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना

Shubham Singh14 October 20261 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
वाराणसी: सीएम योगी ने बाबा काल भैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को धर्म की नगरी वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने काशी के ' कोतवाल' कहे जाने वाले बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने इन पवित्र स्थलों पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि व जन कल्याण की प्रार्थना की।

सीएम योगी की यात्रा की शुरुआत बाबा काल भैरव मंदिर से हुई, जहां उन्होंने दर्शन के साथ आरती और पूजा संपन्न की। इस दौरान मुख्यमंत्री का एक अलग अंदाज देखने को मिला, जब उन्होंने वहां मौजूद बच्चों के साथ बातचीत की और उन्हें चॉकलेट बांटी। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के बारे में जाना, जिस पर बच्चों ने भी बड़े उत्साह के साथ उनसे बातें कीं। इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने गर्भगृह में जाकर जलाभिषेक और षोडशोपचार पूजा की।

अरविंद मिल्स की नई यूनिट का लिया जायजा

धार्मिक अनुष्ठानों से पहले मुख्यमंत्री मिर्जामुराद स्थित अरविंद मिल्स की नई यूनिट में उद्घाटन की तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। यह यूनिट 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकार्पित की जाएगी। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर खोचवन गांव के जनता इंटर कॉलेज के मैदान में उतरा, जिसके बाद वे सड़क मार्ग से मिल्स तक पहुंचे।

बता दें कि यह नई यूनिट करीब सात एकड़ जमीन पर फैली है, जिसमें 100 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। इस प्रोजेक्ट से क्षेत्र में 1,000 से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे। निरीक्षण के दौरान सीएम योगी ने वहां ट्रेनिंग ले रही करीब 300 महिलाओं से भी संवाद किया और उनका उत्साह बढ़ाया।

इस पूरे दौरे के दौरान वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, स्टांप मंत्री रविंद्र जायसवाल, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य और कई स्थानीय विधायक उनके साथ मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment