रिलीज से पहले अयोध्या पहुंचीं यामी गौतम, राम मंदिर में मत्था टेक मांगी दुआएं

बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम अपनी आने वाली फिल्म 'नयी नवेली' को लेकर काफी उत्साहित हैं। फिल्म की रिलीज से ठीक पहले यामी गौतम अयोध्या राम मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने भगवान श्री राम के दर्शन किए और अपनी फिल्म की सफलता के लिए आशीर्वाद मांगा। पीले रंग की साड़ी में नजर आई अभिनेत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।
फिल्म 'नयी नवेली' में दिखेंगी नए अवतार में
यामी की यह फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। दशहरे के मौके पर रिलीज होने वाली यह फिल्म अच्छाई की बुराई पर जीत की कहानी को दर्शाती है। फिल्म में यामी 'मोहिनी' नाम की एक नवविवाहिता का किरदार निभा रही हैं, जो अवस्थी परिवार की बहू बनती हैं। कहानी की शुरुआत तो एक सामान्य पारिवारिक नाटक की तरह होती है, लेकिन धीरे-धीरे इसमें रहस्य, फैंटेसी और एक्शन का तड़का लगता है, जब मोहिनी के किरदार और उसके आसपास के रहस्यों पर सवाल उठने लगते हैं।
बालाजी मोहन द्वारा निर्देशित इस फिल्म में यामी के साथ आदिनाथ एम कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवार और मिता वशिष्ठ जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्माण आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने किया है, जबकि इसका संगीत जीवी प्रकाश कुमार ने तैयार किया है। परिवार, कॉमेडी और सस्पेंस से भरपूर यह फिल्म दर्शकों के लिए एक फेस्टिव एंटरटेनर साबित होने वाली है।