बदायूं: महिला ने एक साथ दिए चार बच्चों को जन्म, तीन मासूम आईसीयू में भर्ती
उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है। तीन बच्चे आईसीयू में हैं, जबकि एक की जन्म से पहले ही मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है। बदायूं के मुसाझग थाना क्षेत्र के करौलिया गांव की रहने वाली एकता के घर में खुशियां तो आईं, लेकिन साथ ही एक दुखद खबर भी मिली। डॉक्टरों ने बताया कि प्रसव के दौरान चार बच्चों का जन्म हुआ, जिनमें से एक बेटी की जन्म से पहले ही मौत हो चुकी थी।
घटना की शुरुआत तब हुई जब एकता अल्ट्रासाउंड के लिए सुधीर नर्सिंग होम पहुंची थीं। वहां मौजूद डॉक्टर लतिका ने जब जांच की, तो उन्हें एहसास हुआ कि यह प्रेग्नेंसी काफी जोखिम भरी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टर ने तुरंत उन्हें भर्ती करने और सर्जरी के जरिए डिलीवरी कराने की सलाह दी।
तीन बच्चों की हालत नाजुक, आईसीयू में चल रहा इलाज
सर्जरी के दौरान यह बात सामने आई कि महिला ने चार बच्चों को जन्म दिया है। इनमें एक बेटा और तीन बेटियां थीं। दुर्भाग्यवश, एक बेटी की जान नहीं बच सकी और वह जन्म से पहले ही दम तोड़ चुकी थी। बाकी के तीन नवजात बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत डॉ. आनंद हरि नर्सिंग होम के आईसीयू (ICU) में शिफ्ट कर दिया गया, जहां उनका विशेष उपचार चल रहा है।
राहत की बात यह है कि मां एकता की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। गांव और आसपास के इलाके में इस दुर्लभ मामले की चर्चा जोरों पर है, जहां लोग एक तरफ चार बच्चों के जन्म पर आश्चर्यचकित हैं, तो दूसरी तरफ एक मासूम की मौत पर दुख जता रहे हैं।