बाराबंकी: वसीम रेन ने कांग्रेस और सपा पर साधा निशाना, कहा- पसमांदा मुस्लिमों को सिर्फ वोट बैंक समझा
ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के वसीम रेन ने बाराबंकी में कांग्रेस और सपा को वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया है।

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसीम रेन ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वसीम रेन ने कांग्रेस के 'संविधान बचाओ मार्च' पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जिस पार्टी ने पसमांदा मुस्लिमों को उनके सामाजिक और राजनीतिक अधिकारों से वंचित रखा, वह अब संविधान बचाने का ढोंग कर रही है।
वसीम रेन ने संविधान के अनुच्छेद 341 का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि धार्मिक प्रतिबंधों की वजह से मुस्लिम समुदाय के पात्र वंचित वर्गों को अनुसूचित जाति (SC) से मिलने वाले लाभों से दूर रखा गया है। उन्होंने मांग की कि समानता के संवैधानिक भाव को ध्यान में रखते हुए इस गंभीर मुद्दे पर विचार किया जाना चाहिए।
चुनावी वादों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर सवाल
समाजवादी पार्टी को निशाने पर लेते हुए वसीम रेन ने साल 2012 के उस वादे की याद दिलाई, जिसमें मुस्लिमों को 18 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कही गई थी। उन्होंने निमेश आयोग और सच्चर कमेटी की सिफारिशों को लागू करने के अधूरे वादों का जिक्र करते हुए कहा कि राजनीतिक दल केवल घोषणाएं करना जानते हैं, उन्हें पूरा करना नहीं।
लखनऊ में ओवैसी और चंद्रशेखर की रैली को लेकर राजनीतिक दलों की रणनीति पर सवाल उठाते हुए रेन ने स्पष्ट किया कि अब पसमांदा मुस्लिम केवल वादों के भरोसे नहीं रहेंगे। उन्होंने मांग की कि विधानसभा और अन्य चुनावों में टिकट वितरण के समय पसमांदा मुस्लिमों को उनकी आबादी और सामाजिक स्थिति के अनुरूप राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिया जाए।
वसीम रेन ने कड़े शब्दों में कहा कि कांग्रेस और सपा ने मुस्लिमों को केवल एक वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अब पसमांदा समुदाय उन्हीं राजनीतिक दलों का समर्थन करेगा, जो उन्हें सरकारी योजनाओं में उचित हिस्सा, विकास के अवसर और वास्तविक राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करेंगे।