वृंदावन: पानी की टंकी साफ करने उतरे 5 छात्र, जहरीली गैस ने ली 4 की जान

वृंदावन: पानी की टंकी साफ करने उतरे 5 छात्र, जहरीली गैस ने ली 4 की जान

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। चैतन्य विहार स्थित महर्षि पाणिनि संस्कृत गुरुकुल में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां पानी की एक गहरी टंकी की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार छात्रों की मौत हो गई। इस हादसे ने गुरुकुल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही को उजागर कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, गुरुकुल में करीब 12 से 18 फीट गहरी एक भूमिगत पानी की टंकी थी, जिसे लंबे समय से साफ नहीं किया गया था। इस वजह से टंकी के अंदर खतरनाक जहरीली गैस जमा हो गई थी। हादसा तब शुरू हुआ जब एक छात्र टंकी के अंदर उतरा और अचानक बेहोश हो गया। अपने साथी को बचाने के चक्कर में चार अन्य छात्र एक-एक कर टंकी में उतरे, लेकिन गैस के असर से वे सभी वहीं बेसुध हो गए।

जब तक बचाव कार्य शुरू हुआ और पांचों छात्रों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने मनु कटारे (20-22 वर्ष), देवांश (17 वर्ष), विशु (18-19 वर्ष) और आर्यन (16-18 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 15 वर्षीय छात्र रुद्राक्ष की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वह अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।

बिना रजिस्ट्रेशन चल रहा था गुरुकुल, प्रबंधन पर गंभीर आरोप

इस हादसे के बाद प्रशासन ने जब जांच शुरू की, तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। आरोप है कि यह गुरुकुल साल 2022 से बिना किसी वैध रजिस्ट्रेशन और सुरक्षा मानकों के चलाया जा रहा था। यहां पढ़ने वाले करीब 100 छात्रों से कथित तौर पर घर के काम, सफाई और रसोई का काम भी कराया जाता था।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुकुल प्रबंधन की देखरेख करने वाले अंकुर शर्मा को हिरासत में ले लिया है। वहीं, संस्थान का मुख्य संचालक आशीष शर्मा, जिसने कथित तौर पर यह परिसर किराए पर लिया था, फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को घायल छात्र के बेहतर इलाज और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। जिला मजिस्ट्रेट चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment