नोएडा में वॉलीबॉल चैंपियंस लीग का शानदार आगाज, सोनू सूद की मौजूदगी में मराठास और टाइटन्स ने मारी बाजी

उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित इंडोर स्टेडियम में वॉलीबॉल चैंपियंस लीग का धमाकेदार आगाज हो गया है। टूर्नामेंट के पहले दिन प्रशंसकों को दो बेहद रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जहां खेल के साथ-साथ ग्लैमर का भी तड़का लगा। बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
सोनू सूद ने इस लीग की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बेहतरीन मंच है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह की लीग से वॉलीबॉल खेल की पहुंच बढ़ेगी और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का आत्मविश्वास मिलेगा। इस खास मौके पर एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता अर्जुन देशवाल और अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी रोहित बलियान भी मौजूद रहे।
मैचों का रोमांच: एमपेरिया मराठास और तमिल टाइटन्स की जीत
टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में एमपेरिया मराठास ने पंजाब एरोस्ट्राइकर्स को 2-1 से मात दी। मराठास ने शुरुआती दो सेट 21-17 और 21-17 से जीतकर अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी। हालांकि, पंजाब की टीम ने तीसरे सेट में जोरदार वापसी की कोशिश की, लेकिन मराठास ने संयम बनाए रखा और जीत अपने नाम की। इस मैच में जतिन पडवाल को 'प्लेयर ऑफ द मैच' और शुभम चौधरी को 'इम्पैक्ट प्लेयर' चुना गया।
वहीं, दूसरे मैच में तमिल टाइटन्स का सामना हरियाणा हरिकेंस से हुआ। टाइटन्स ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले दो सेट क्रमशः 21-14 और 21-17 से जीत लिए। हरियाणा हरिकेंस ने तीसरे सेट में कड़ी टक्कर दी और उसे 21-20 से अपने नाम किया, लेकिन वे जीत हासिल करने में नाकाम रहे और तमिल टाइटन्स ने 2-1 से मुकाबला जीत लिया। इस मैच में तनिष चौधरी को 'प्लेयर ऑफ द मैच' और अंगमुथु रामास्वामी को 'इम्पैक्ट प्लेयर' घोषित किया गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में लीग के संस्थापक धीरज मंजरी और कुलवंत बलियान की अहम भूमिका रही है।