100 केस और 5 लाख का इनाम, फिर भी PM मोदी के साथ सेल्फी लेते दिखे विजेंद्र हुड्डा
नोएडा के 'बाइक बॉट' घोटाले के आरोपी विजेंद्र सिंह हुड्डा बीजेपी की दिवाली पार्टी में नजर आए, जहां उन्होंने PM मोदी के साथ सेल्फी भी ली।

उत्तर प्रदेश के नोएडा में 'बाइक बॉट' घोटाले के मुख्य आरोपी विजेंद्र सिंह हुड्डा एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई नया अपराध नहीं बल्कि उनकी हाई-प्रोफाइल पहुंच है। जिस व्यक्ति पर 100 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं और जिस पर योगी सरकार ने कभी 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था, वह खुलेआम बीजेपी की दिवाली पार्टी में नजर आया। हद तो तब हो गई जब हुड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सेल्फी ली और गृह मंत्री अमित शाह की टेबल पर बैठे दिखाई दिए।
विजेंद्र सिंह हुड्डा का विवादों से पुराना नाता रहा है। उन पर नोएडा में बड़े स्तर पर धोखाधड़ी करने के आरोप हैं। इतना ही नहीं, दो साल पहले उन्होंने हापुड़ में मोनाड यूनिवर्सिटी खरीदी थी, जहां आरोप लगे कि वह फर्जी मार्कशीट छपवाने का धंधा चला रहे थे। इस मामले में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने छापेमारी की थी, जिसके बाद हुड्डा को जेल भी जाना पड़ा था। हालांकि, जमानत पर बाहर आने के बाद उन्होंने अपनी गतिविधियां और बढ़ा लीं और अब वह दो टीवी चैनलों के मालिक बन चुके हैं।
मीडिया मालिक बनकर पहुंचे पार्टी में
बताया जा रहा है कि विजेंद्र सिंह हुड्डा इस दिवाली कार्यक्रम में एक मीडिया हाउस के मालिक की हैसियत से शामिल हुए थे। हैरानी की बात यह है कि नोएडा की अदालत में उनके खिलाफ धोखाधड़ी के तमाम मामले अब भी लंबित हैं और वह जमानत पर बाहर हैं। ऐसे में एक गंभीर आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति का सत्ता के शीर्ष केंद्रों तक इतनी आसानी से पहुंच जाना कई सवाल खड़े कर रहा है।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि हुड्डा ने अपनी पहुंच और आंतरिक व्यवस्थाओं के दम पर गिरफ्तारी से खुद को बचाए रखा है। एक तरफ जहां पुलिस अपराधियों की धरपकड़ का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ 5 लाख के इनामी आरोपी का इस तरह रसूख दिखाना चर्चा का विषय बना हुआ है।