वाराणसी के सारनाथ में जोरदार धमाका, मकान ढहा; दो बच्चों समेत 3 घायल

उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित सारनाथ इलाके में गुरुवार को एक भीषण धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। यह धमाका एक दो मंजिला आवासीय भवन में हुआ, जिसकी तीव्रता इतनी अधिक थी कि पूरा मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गया। इस हादसे में एक महिला और दो बच्चों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना पुराने पुल के पास की है, जहां धमाके की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग सहम गए। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। बचाव कार्य के लिए NDRF और SDRF की टीमों को भी बुलाया गया, जिन्होंने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। घायल तीनों लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में मलबे के नीचे किसी और के फंसे होने की खबर नहीं है, लेकिन सावधानी के तौर पर दोबारा चेकिंग की जा रही है।
अवैध पटाखा फैक्ट्री होने का संदेह
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि रिहायशी इलाके के बीच इस मकान में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण या भंडारण किया जा रहा था। त्योहारों का सीजन नजदीक होने के कारण यहां बड़े पैमाने पर पटाखे तैयार किए जा रहे थे, जिसमें अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के घरों को भी मामूली नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय निवासियों और चश्मदीदों का आरोप है कि इस घर में चोरी-छिपे पटाखों की मैन्युफैक्चरिंग और पैकेजिंग का काम चल रहा था। लोगों का दावा है कि इस अवैध कारोबार की शिकायत पहले भी की जा चुकी थी, लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया गया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की गहन जांच कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।