वाराणसी: अवैध पटाखों और केमिकल के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त

Shubham Singh17 October 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
वाराणसी: अवैध पटाखों और केमिकल के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त

वाराणसी में दिवाली से पहले पुलिस ने अवैध पटाखों और विस्फोटक सामग्री के खिलाफ एक बड़ा अभियान छेड़ा है। सारनाथ के पैगंबरपुर में हुए एक धमाके के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में काशी और वरुणा जोन की पुलिस ने अलग-अलग छापेमारी कर 2,500 किलोग्राम से अधिक खतरनाक केमिकल और करीब 30 क्विंटल अवैध पटाखे जब्त किए हैं। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि दो मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि हुई है।

गोदामों में छिपा रखा था 'सुतली बम' बनाने का सामान

पुलिस की पहली बड़ी कार्रवाई काशी जोन के गोला दीनानाथ इलाके में हुई। मुखबिर की सूचना पर जब कोतवाली पुलिस ने एक घर पर छापा मारा, तो वहां का नजारा हैरान करने वाला था। घर के दो कमरों में 50 से ज्यादा बोरियों में केमिकल भरा हुआ था, जिसका कुल वजन 2,500 किलो से ज्यादा निकला। एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि जब्त किए गए सामान में बेरियम कार्बोनेट, चारकोल पाउडर, बेरियम नाइट्रेट, एल्युमीनियम और पोटेशियम जैसे तत्व शामिल हैं। इन रसायनों का इस्तेमाल मुख्य रूप से अवैध पटाखे और जानलेवा 'सुतली बम' बनाने में किया जाता है। पुलिस ने इस मामले में चेतगंज निवासी गोदाम मालिक राजेश कुमार को हिरासत में ले लिया है।

दूसरी तरफ, वरुणा जोन की कैंट पुलिस और एसओजी-2 की टीम ने सेंट्रल जेल रोड के पास कुंज विहार कॉलोनी में छापेमारी की। यहां एक घर में बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के करीब 30 क्विंटल अवैध पटाखे जमा किए गए थे। पुलिस ने इन पटाखों को जब्त कर घर के मालिक राहुल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है।

दिवाली के करीब आते ही पुलिस अब शहर के संवेदनशील इलाकों जैसे पितरकुंडा, दालमंडी, बेनियाबाग, मदनपुरा, पांडेयपुर और लहरतारा पर पैनी नजर रखे हुए है। खुफिया जानकारी मिली है कि पुलिस की सख्ती से बचने के लिए कुछ व्यापारी अब अपना काम ग्रामीण इलाकों में शिफ्ट कर रहे हैं। इसे देखते हुए सिंदोरा, पिंडरा, बारागांव और रिंग रोड के आसपास के क्षेत्रों की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह विस्फोटक सामग्री कहां से आई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

Share:

Comments

Leave a comment