दिवाली से पहले वाराणसी में योगी सरकार का बड़ा तोहफा, तीन दिवसीय मेगा जॉब फेयर का आयोजन

योगी सरकार वाराणसी में 3 नवंबर से 5 नवंबर तक मेगा जॉब फेयर आयोजित कर रही है, जहां युवाओं को ₹35,000 तक मासिक वेतन की नौकरी मिल सकती है।

Sushant Singh2 November 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
दिवाली से पहले वाराणसी में योगी सरकार का बड़ा तोहफा, तीन दिवसीय मेगा जॉब फेयर का आयोजन

दिवाली के त्यौहार से पहले उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार का एक सुनहरा अवसर आने वाला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत वाराणसी में तीन दिवसीय वाराणसी मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य राज्य के युवाओं को निजी क्षेत्र की बड़ी कंपनियों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय द्वारा आयोजित यह मेला 3 नवंबर से 5 नवंबर तक चलेगा। खास बात यह है कि हर दिन लगभग 40 नामी कंपनियां युवाओं के इंटरव्यू लेंगी और उनकी योग्यता व कौशल के आधार पर उन्हें नौकरी के लिए चुनेंगी। इस जॉब फेयर में युवाओं को 12,000 रुपये से लेकर 35,000 रुपये तक का मासिक वेतन मिल सकता है, जबकि कुछ विशेष पदों के लिए सालाना पैकेज 4 लाख रुपये से भी अधिक होगा।

इन तारीखों और जगहों पर होगा आयोजन

सहायक निदेशक (रोजगार) मुकेश कुमार ने बताया कि यह मेला शहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक युवा इसका लाभ उठा सकें। आयोजन का पूरा शेड्यूल इस प्रकार है:

  • 3 नवंबर: जगतपुर इंटर कॉलेज, जगतपुर।
  • 4 नवंबर: क्रेडेंस इंटरनेशनल स्कूल, उमरहा बाजार (गाजीपुर रोड)।
  • 5 नवंबर: क्वींस इंटरमीडिएट कॉलेज, लहुराबिर।

इस मेगा इवेंट में डिक्सन कंपनी, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, फ्लिपकार्ट, स्विगी, वर्धमान फैब्रिक्स और कृष्णा मारुति जैसी कई प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। यह अवसर उन सभी युवाओं के लिए खुला है जिन्होंने हाईस्कूल से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई की है। इसके अलावा, डिप्लोमा और आईटीआई डिग्री धारक युवा भी अपनी योग्यता के अनुसार पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।

रोजगार मेले के प्रभारी दीप सिंह ने इच्छुक उम्मीदवारों से अपील की है कि वे अपने अपडेटेड रिज्यूमे (Resume) के साथ सुबह 10 बजे निर्धारित वेन्यू पर पहुंचें। यह आयोजन वाराणसी के युवाओं को निजी क्षेत्र में करियर बनाने और आर्थिक रूप से सशक्त होने का एक बेहतरीन मौका प्रदान करेगा।

Share:

Comments

Leave a comment