वाराणसी: मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान खूनी संघर्ष, युवक की बेरहमी से पिटाई

धर्म और आस्था की नगरी वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अंतिम संस्कार में शामिल हुए एक युवक की कुछ लोगों ने लाठियों और डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी। यह पूरी घटना उस समय सामने आई जब सोशल मीडिया पर इस हमले का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस एक्शन में आई।
जानकारी के मुताबिक, चंदाउली के रामगढ़ निवासी रमेश सिंह अपने साले वंश नारायण सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए 9 अक्टूबर को मणिकर्णिका घाट पहुंचे थे। इसी दौरान उनके भतीजे अभिषेक सिंह का कुछ स्थानीय लोगों के साथ विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने अभिषेक को धमकी दी और फिर उन पर लाठियों और डंडों से हमला बोल दिया। हमला इतना जोरदार था कि अभिषेक बेहोश हो गया और घाट पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घायल अभिषेक सिंह को तुरंत बीएचयू (BHU) ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है। इस मामले में रमेश सिंह ने चौक पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऋषिकेश चौधरी, बादल चौधरी, सनी चौधरी, अनिल चौधरी और गुड्डू चौधरी समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि यह पूरा विवाद अंतिम संस्कार में आए लोगों और स्थानीय लोगों के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुआ था। पुलिस ने अब तक तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है।