वाराणसी: होटल के कमरे में प्रेमी युगल के शव मिले, युवती का गला रेता और युवक ने लगाया फंदा
वाराणसी के बाबतपुर स्थित होटल में युवक और युवती के शव मिले। पुलिस को अंदेशा है कि युवक ने युवती की हत्या कर खुदकुशी कर ली।

वाराणसी के बाबतपुर इलाके में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां केजे इंटरनेशनल होटल के एक कमरे में एक युवक और युवती के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। कमरे का नजारा बेहद खौफनाक था; युवती का शव बाथरूम में खून से लथपथ मिला, जबकि युवक का शव पंखे से लटका हुआ पाया गया। पुलिस को आशंका है कि यह मामला 'मर्डर और सुसाइड' का है।
मृतकों की पहचान विकास केसरी (निवासी बीएलडब्ल्यू पहाड़ी गेट) और 23 वर्षीय प्रिया केसरी (निवासी बसनी, बड़ागांव) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रिया, विकास के बड़े भाई की साली थी और दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे। होटल कर्मियों के मुताबिक, विकास और प्रिया एक साथ होटल आए थे और विकास ने प्रिया को अपनी रिश्तेदार बताकर कमरा बुक किया था।
शादी तय होने से उपजा विवाद या कुछ और?
होटल कर्मचारियों को तब शक हुआ जब कमरे में गए दोनों युवक-युवती काफी देर तक बाहर नहीं निकले। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और जब दरवाजा खुलवाया गया, तो अंदर का दृश्य देखकर सबके होश उड़ गए। युवती के गले पर किसी धारदार हथियार से काटने के निशान मिले हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि उसकी हत्या की गई है।
थानाध्यक्ष पंकज पांडे ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि प्रिया की शादी कहीं और तय हो गई थी, जबकि विकास उससे प्रेम करता था। पुलिस का अनुमान है कि मिलने के दौरान किसी बात पर विवाद हुआ होगा, जिसके बाद विकास ने प्रिया की हत्या कर खुद फांसी लगा ली। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी अंतिम नतीजे पर पहुंचने से पहले फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम का इंतजार करने की बात कही है। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।