वाराणसी पटाखा फैक्ट्री धमाका: पुलिस मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी राजू खान गिरफ्तार

Shubham Singh16 October 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश

वाराणसी के सारनाथ इलाके में हुए भीषण धमाके के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी राजू खान को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद धर दबोचा है। यह पूरा मामला अवैध तरीके से पटाखे बनाने की फैक्ट्री में हुए विस्फोट से जुड़ा है, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया था। पुलिस की इस कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सारनाथ पुलिस सरायमोहना घाट के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे राजू खान ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आरोपी द्वारा चलाई गई गोली सब-इंस्पेक्टर अमरजीत कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें राजू खान के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध हथियार और दो खाली कारतूस बरामद किए हैं।

धमाके में तीन लोग हुए थे घायल

यह पूरा विवाद गुरुवार शाम करीब 5 बजे शुरू हुआ था, जब पैगंबरपुर इलाके के एक घर में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। वहां अचानक एक जोरदार धमाका हुआ, जिसमें 12 साल का आदिल, 39 साल की चांदनी और 10 साल की अरबिया गंभीर रूप से घायल हो गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट होते ही राजू खान और उसकी मां मुन्नी खान पिछले दरवाजे से फरार हो गए थे। शुरुआत में इस हादसे को गैस सिलेंडर का धमाका बताकर गुमराह करने की कोशिश भी की गई थी।

हैरानी की बात यह है कि आरोपी राजू खान का परिवार पहले सरैया इलाके में रहता था, जहां पहले भी एक पटाखा विस्फोट हुआ था। उस हादसे में राजू के पिता मतिउल्लाह खान की जान चली गई थी। पुलिस का कहना है कि राजू शहर छोड़कर भागने की फिराक में था, लेकिन समय रहते उसे ट्रैक कर लिया गया। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन शामिल था।

Share:

Comments

Leave a comment