वाराणसी में नकली दवाओं के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, एसटीएफ ने आरोपी को दबोचा

यूपी एसटीएफ ने वाराणसी में नकली दवाओं के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। आरोपी हिमाचल से दवाएं मंगवाकर यूपी और बिहार में सप्लाई करता था।

Sushant Singh19 November 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
वाराणसी में नकली दवाओं के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, एसटीएफ ने आरोपी को दबोचा

उत्तर प्रदेश की एसटीएफ (STF) ने वाराणसी में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले एक बड़े नकली दवा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड सोनभद्र का रहने वाला अभिषेक सिंह उर्फ बजरंगी सिंह बताया जा रहा है, जिसे एसटीएफ की वाराणसी यूनिट ने चितईपुर इलाके से गिरफ्तार किया है। यह गिरोह नामी कंपनियों के नाम पर फर्जी दवाएं तैयार करवाकर उन्हें उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न जिलों में खपा रहा था।

इस पूरे मामले का खुलासा तब शुरू हुआ जब ड्रग विभाग ने जंसा थाना क्षेत्र के करौना गांव में एक बिना लाइसेंस वाले मेडिकल स्टोर पर छापा मारा और भारी मात्रा में संदिग्ध दवाएं बरामद कीं। इसके बाद 2 नवंबर को रोहनिया के परमानंदपुर में भी ब्रांडेड कंपनियों की लेबलिंग वाली दवाओं की एक बड़ी खेप पकड़ी गई। जब इन दवाओं की जांच संबंधित कंपनियों से कराई गई, तो पुष्टि हुई कि ये पूरी तरह नकली हैं। इसी के बाद ड्रग विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ से मदद मांगी।

हिमाचल से बिहार तक फैला था जाल, Zangi ऐप से होती थी साजिश

गिरफ्तार आरोपी अभिषेक सिंह ने पूछताछ में जो खुलासे किए, वे चौंकाने वाले हैं। उसने बताया कि नकली दवाओं का यह नेटवर्क हिमाचल प्रदेश के सोलन और बद्दी से जुड़ा था। वहां प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के नाम पर फर्जी स्ट्रिप्स तैयार की जाती थीं और उनमें नकली दवाएं पैक की जाती थीं। यह खेप कोरियर के जरिए सहारनपुर होते हुए वाराणसी पहुंचती थी।

वाराणसी पहुंचने के बाद इन दवाओं को लहरतारा स्थित एक कार्यालय और रोडवेज बस अड्डे के पास ट्रांसपोर्ट ऑफिस में स्टोर किया जाता था। यहां से बसों के जरिए बिहार के मोहनिया, भभुआ और सासाराम जैसे इलाकों में दवाओं की सप्लाई की जाती थी। पकड़े जाने के डर से गिरोह के सदस्य आपस में बातचीत के लिए Zangi ऐप का इस्तेमाल करते थे, जहां वे फर्जी नामों से एक-दूसरे से जुड़े थे। पैसों का लेनदेन नकद और बैंक खातों के जरिए किया जाता था। फिलहाल एसटीएफ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और दवाएं बनाने वाले मुख्य स्रोतों की तलाश में जुटी है।

Share:

Comments

Leave a comment