छठ पूजा को लेकर काशी के बाजारों में रौनक, ऑनलाइन भी जमकर हो रही खरीदारी
वाराणसी के बाजारों में छठ पूजा को लेकर भारी भीड़ है। अब लोग सूप और ठेकुआ जैसी पूजन सामग्री ऑनलाइन भी ऑर्डर कर रहे हैं।

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की शुरुआत शुक्रवार को 'नहाय-खाय' के साथ होने जा रही है। इस चार दिवसीय उत्सव को लेकर धर्म नगरी वाराणसी पूरी तरह सज चुकी है। काशी के बाजारों में इन दिनों जबरदस्त चहल-पहल है और श्रद्धालु पूजा की सामग्री जुटाने के लिए उमड़ रहे हैं। हालांकि, इस बार एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है; लोग अब पारंपरिक बाजारों के साथ-साथ ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के जरिए भी अपनी पूजन सामग्री मंगवा रहे हैं।
वाराणसी के दशाश्वमेध, सुंदरपुर, पांडेयपुर, लंका, अस्सी और पहड़िया जैसे प्रमुख बाजारों में खरीदारी का दौर तेज है। श्रद्धालु सूप, दौरा, डगरा, साठी चावल, गुड़ और गन्ने के साथ-साथ नए कपड़ों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। पहड़िया मंडी के दुकानदार रमेश सोनकर के अनुसार, बाजार में डगरा 200 से 250 रुपये और सूप 100 से 150 रुपये के बीच बिक रहा है, जबकि नारियल 60 रुपये प्रति पीस मिल रहा है। वहीं, फलों के बाजार में भी काफी भीड़ है, जहां अनानास 50 रुपये प्रति पीस और सेब 80 से 150 रुपये किलो तक बिक रहे हैं।
डिजिटल हुआ महापर्व: ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ठेकुआ और सूप की डिमांड
इस साल छठ पूजा में तकनीक का असर साफ दिख रहा है। ई-कॉमर्स कंपनियों ने छठ से जुड़ी लगभग हर वस्तु उपलब्ध कराई है। ऑनलाइन बाजार में ठेकुआ करीब 300 रुपये में मिल रहा है, जबकि पीतल के सूप की कीमत 1600 से 2000 रुपये तक है। सामान्य सूप ऑनलाइन 160 से 300 रुपये के बीच उपलब्ध है।
वाराणसी के लेढ़ूपुर इलाके में रहने वाली छठ व्रती अन्नू ओझा, जो मूल रूप से बिहार की रहने वाली हैं, बताती हैं कि उन्होंने अपनी तैयारी के लिए ऑनलाइन शॉपिंग का सहारा लिया। उनके अनुसार, ई-कॉमर्स के जरिए उचित दाम पर सामान मिल जाता है और बाजार की भीड़-भाड़ से बचकर व्रत की तैयारियां आसान हो गई हैं।