वाराणसी एयरपोर्ट पर एयर शो की रिहर्सल से मची अफरा-तफरी, 350 यात्रियों को विमान से उतरना पड़ा

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब भारतीय वायु सेना के आगामी एयर शो की रिहर्सल के कारण उड़ानों के संचालन में भारी बाधा आई। सुरक्षा कारणों से एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने दो उड़ानों को टेकऑफ की अनुमति नहीं दी, जिसके चलते विमानों में सवार करीब 350 यात्रियों को वापस टर्मिनल बिल्डिंग में भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E-6044 और एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1810 के यात्री बोर्डिंग पूरी कर चुके थे, लेकिन ऐन वक्त पर उन्हें विमान से उतरने का आदेश मिला। इंडिगो की चेन्नई जाने वाली फ्लाइट, जिसमें 183 यात्री सवार थे, सुबह 10:55 बजे उड़ान भरने वाली थी, लेकिन इसे दोपहर 2:40 बजे रवाना किया जा सका। वहीं, मुंबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट, जिसका समय सुबह 10:25 बजे था, को दोपहर 2:31 बजे तक क्लियरेंस नहीं मिला।
'विंग्स ओवर गंगा' की तैयारी ने रोका रास्ता
यह पूरी स्थिति 'विंग्स ओवर गंगा' नामक एयर शो की तैयारी के कारण पैदा हुई। इस भव्य एयर शो का आयोजन वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को किया जाना तय हुआ है। बुधवार को दोपहर 11:40 से 2:00 बजे के बीच वायु सेना की रिहर्सल चली, जिसकी वजह से इस समय अंतराल के दौरान हवाई यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
करीब चार घंटे तक चले इस इंतजार के दौरान यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, दोनों एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए रिफ्रेशमेंट का इंतजाम किया ताकि वे इंतजार के दौरान सहज रह सकें। रिहर्सल खत्म होने के बाद ही विमानों को उड़ान भरने की अनुमति दी गई।