वाराणसी एयर शो: नमो घाट पर तैयारियां तेज, नगर आयुक्त ने जांचा घाटों का हाल

भारतीय वायु सेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ के मौके पर वाराणसी के नमो घाट पर एक भव्य एयर शो का आयोजन होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए वाराणसी नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने खुद मोर्चा संभाला और राजघाट से लेकर अन्य घाटों तक का पैदल निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि घाटों और वहां पहुंचने वाले रास्तों पर सफाई को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सफाई कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि रास्तों से अतिक्रमण तुरंत हटाया जाए और मलबे की पूरी सफाई की जाए ताकि आने वाले मेहमानों और दर्शकों को कोई असुविधा न हो। इस दौरान उनके साथ जोनल ऑफिसर पवन गुप्ता, अधिशासी अभियंता विकास कुरियल और जेई सिद्धार्थ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
भीड़ प्रबंधन के लिए मंदिर प्रशासन और पुलिस ने मिलाया हाथ
22, 23 और 25 अक्टूबर 2026 को होने वाले इस एयर शो को देखने के लिए देश-विदेश और आसपास के जिलों से लाखों दर्शकों और कई वीवीआईपी मेहमानों के आने की उम्मीद है। इसे देखते हुए नगर निगम गंगा के दोनों किनारों पर सफाई, मोबाइल टॉयलेट्स, लाइटिंग, पार्किंग और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम कर रहा है।
सिर्फ घाट ही नहीं, बल्कि काशी विश्वनाथ धाम में भी उमड़ने वाली भीड़ को संभालने के लिए रणनीति तैयार कर ली गई है। शनिवार को सीईओ सत्यम मिश्रा की अध्यक्षता में मंदिर प्रशासन, पुलिस विभाग और सीआरपीएफ के अधिकारियों की एक समन्वय बैठक हुई। बैठक में यह तय किया गया कि श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए श्रावण मास के सोमवारों की तरह विशेष प्रोटोकॉल लागू किया जाएगा। इसमें बैरिकेडिंग, एंट्री-एग्जिट रूट का व्यवस्थित प्रबंधन और विभागों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया है ताकि दर्शनार्थियों को सुरक्षित और सुगम अनुभव मिल सके।