यूपी में कड़ाके की ठंड की दस्तक, घने कोहरे के साथ गिर रहा है पारा

उत्तर प्रदेश में तापमान में भारी गिरावट और घने कोहरे का अलर्ट जारी। जानें किन जिलों में असर होगा और मौसम विभाग की चेतावनी।

Shubham Singh24 November 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
यूपी में कड़ाके की ठंड की दस्तक, घने कोहरे के साथ गिर रहा है पारा

उत्तर प्रदेश में सर्दियों ने अपनी पूरी पकड़ बनानी शुरू कर दी है। हिमालयी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी और चक्रवाती तूफान 'अक्वान' के खत्म होने के बाद अब पश्चिमी हवाएं राज्य में ठंडक घोल रही हैं। मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 से 48 घंटों के भीतर तापमान में बड़ी गिरावट आने वाली है, जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ सकता है।

क्षेत्रीय मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, ठंडी पश्चिमी हवाओं के चलते दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी। इससे सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास काफी बढ़ जाएगा। आंकड़ों की बात करें तो रात का तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है, और कुछ इलाकों में यह 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि हरदोई में बीते दिन सबसे कम 10.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

पूर्वी यूपी में घना कोहरा: येलो अलर्ट जारी

ठंड के साथ-साथ अब घने कोहरे ने भी दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने 24 नवंबर से 29 नवंबर तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इस चेतावनी के दायरे में सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर और संतक रविदास नगर (भदोही) जैसे जिले शामिल हैं।

मंगलवार सुबह प्रयागराज, बलिया, देवरिया, लखीमपुर, संभल, बिजनौर, चंदौली और मऊ समेत करीब 15 शहरों में घना कोहरा देखा गया। स्थिति इतनी गंभीर थी कि वाराणसी एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी घटकर मात्र 100 मीटर रह गई।

प्रशासन ने वाहन चालकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। लोगों से अपील की गई है कि वे कोहरे में गाड़ी धीरे चलाएं, फॉग लाइट्स का इस्तेमाल करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। साथ ही, अनावश्यक लंबी यात्राओं से बचने की सलाह दी गई है। बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। वहीं, लखनऊ की बात करें तो यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 186 दर्ज किया गया है, जो 'खराब' श्रेणी में आता है।

Share:

Comments

Leave a comment