हिमाचल में यूपी एसटीएफ का बड़ा एक्शन, नकली दवाओं का अंतरराज्यीय सिंडिकेट ध्वस्त
यूपी एसटीएफ ने हिमाचल प्रदेश में छापेमारी कर नकली दवाओं का बड़ा सिंडिकेट ध्वस्त किया है। सहारनपुर और झारखंड के दो आरोपी गिरफ्तार।

उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) और हिमाचल प्रदेश औषधि विभाग के साथ मिलकर एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह बड़े पैमाने पर नकली दवाएं बनाकर बाजार में सप्लाई कर रहा था। एसटीएफ ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ इलाके में छापेमारी कर इस काले कारोबार के अवैध कारखानों को पकड़ा है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोहम्मद हसीन (निवासी सहारनपुर) और मोनू कुमार (निवासी झारखंड) को गिरफ्तार किया है।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने मौके से नकली दवाएं बनाने वाली मशीनें, भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री, कच्चा माल और तैयार नकली दवाएं जब्त की हैं। जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई कि यह गिरोह एंटीबायोटिक्स, न्यूरोलॉजिकल और गैस्ट्रिक रिलीफ जैसी हाई-डिमांड दवाओं के नकली वर्जन तैयार कर रहा था। इनमें Pan-D, Precize-300, C-AZ, A-Cipex-625, Neuro-300, Zerodol SP, Montina L, Rebisec LS, Clavam 625, Shelcal 500 और Taxim O 200 जैसे बड़े ब्रांड्स के नाम का इस्तेमाल किया जा रहा था। सबसे डरावनी बात यह है कि इन दवाओं को बनाने में चने के छिलके और केमिकल पाउडर का इस्तेमाल किया जा रहा था।
वाराणसी से शुरू हुई जांच और मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी
इस पूरे नेटवर्क का खुलासा तब हुआ जब 30 अक्टूबर को वाराणसी के एक बिना लाइसेंस वाले मेडिकल स्टोर से नकली 'Neurokind-LC' दवा बरामद हुई। इसके बाद 2 नवंबर को रोहनिया, वाराणसी में हुई छापेमारी में 17 अलग-अलग तरह की संदिग्ध दवाएं मिलीं। इस गिरोह का मास्टरमाइंड अभिषेक सिंह (उर्फ रवि या बजरंगी सिंह), जो सोनभद्र का रहने वाला है, पहले ही वाराणसी की करदमेश्वरपुरम कॉलोनी से गिरफ्तार किया जा चुका है।
पूछताछ में अभिषेक सिंह ने कबूल किया कि यह गिरोह पिछले 18 महीनों से सक्रिय था और उत्तर प्रदेश, बिहार और पंजाब जैसे राज्यों में नकली दवाओं की सप्लाई कर रहा था। यह सिंडिकेट राजपुरा, खेड़ा बाईपास और बद्दी के जुड्डी कलां में स्थित 'वी.डी. फार्मा' नामक बिना लाइसेंस वाली यूनिट में काम कर रहा था। गिरोह के सदस्य पकड़े जाने से बचने के लिए 'Zangi' ऐप के जरिए फर्जी अकाउंट से बात करते थे और पैसों का लेन-देन कैश या अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से किया जाता था।
नालागढ़ से पकड़े गए दोनों आरोपियों को सोलन कोर्ट में पेश किया गया है। यूपी एसटीएफ अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वितरण केंद्रों की तलाश में जुटी है ताकि इस खतरनाक खेल के हर सदस्य तक पहुंचा जा सके।