लखनऊ में यूपी एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 1.4 करोड़ के दुर्लभ बाज के साथ मुंबई का शख्स गिरफ्तार
यूपी एसटीएफ ने लखनऊ में मुंबई के एक शख्स को गिरफ्तार कर 1.4 करोड़ रुपये मूल्य के सात दुर्लभ बाज बरामद किए हैं।

उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने वन्यजीवों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ ने लखनऊ के मडेगंज इलाके से मुंबई के रहने वाले फिरोज मुसर्रत खान नाम के एक व्यक्ति को दबोचा है। इस गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से सात दुर्लभ बाज बरामद किए हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.4 करोड़ रुपये आंकी गई है।
यह पूरी कार्रवाई 30 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे इरादत नगर, मडेगंज में की गई। वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (Wildlife Crime Control Bureau) के साथ मिलकर चलाए गए इस ऑपरेशन में एसटीएफ ने न केवल इन बेशकीमती पक्षियों को बचाया, बल्कि आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी जब्त किया है।
यूपी के जंगलों से खाड़ी देशों तक फैला था तस्करी का जाल
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह सिंडिकेट उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के जंगलों से इन संरक्षित पक्षियों को पकड़ता था। मुख्य रूप से गोरखपुर, लखीमपुर खीरी और सीतापुर के जंगलों से बाज पकड़े जाते थे। इसके बाद इन दुर्लभ पक्षियों को मुंबई ले जाया जाता था और वहां से दुबई, सऊदी अरब और बहरीन जैसे खाड़ी देशों में तस्करी कर भेजा जाता था।
पुलिस ने आरोपी फिरोज मुसर्रत खान के खिलाफ मडेगंज थाने में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं (9, 39, 49, 50 और 51) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। यूपी एसटीएफ अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है ताकि इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी रैकेट की पूरी जड़ तक पहुंचा जा सके।