लखनऊ में यूपी एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, अवैध फेंसिडिल सिरप तस्करी में सहारनपुर का शख्स गिरफ्तार

Shubham Singh15 October 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
लखनऊ में यूपी एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, अवैध फेंसिडिल सिरप तस्करी में सहारनपुर का शख्स गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UPSTF) ने नशीले कफ सिरप के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ ने लखनऊ के विभूति खंड थाना क्षेत्र में छापेमारी कर सहारनपुर के रहने वाले भूपेंद्र सिंह चौहान को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर प्रतिबंधित फेंसिडिल कफ सिरप की तस्करी करने का गंभीर आरोप है। यह पूरी कार्रवाई बुधवार शाम शहीद पथ चौराहे के पास राजभोग रेस्टोरेंट की सर्विस लेन से की गई।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन (दो एंड्रॉइड और एक एप्पल आईफोन) और 2,300 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस स्टेशन में औपचारिक केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यूपी एसटीएफ के अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से कोडीन आधारित कफ सिरप के वितरण से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है।

मेडिकल बिजनेस की आड़ में चल रहा था काला कारोबार

पूछताछ के दौरान आरोपी भूपेंद्र सिंह चौहान ने अपने पेशेवर सफर के बारे में चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह 2006 से 2013 तक एक कंपनी में काम करता था, जिसके बाद उसने मेडिकल ट्रेड के विभिन्न प्रतिष्ठानों से नाता जोड़ा। साल 2014 में उसने 'वेट एजेंसीज' के नाम से एबॉट के लिए स्टॉकिस्ट का लाइसेंस लिया। इसके बाद 2016 और 2018 में उसने 'जीआर ट्रेडिंग' नाम से दो फर्में भी खोलीं।

हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने स्वीकार किया कि 2019 में कंपनी से इस्तीफा देने के बाद वह कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी के दलदल में फंस गया और बड़े पैमाने पर इस प्रतिबंधित दवा का कारोबार करने लगा। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह सिरप कहां से लाया जा रहा था।

Share:

Comments

Leave a comment