यूपी की जेलों की सुरक्षा होगी पुख्ता, सरकार खरीदेगी 676 नई इंसास राइफलें

यूपी सरकार जेल सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए 14 करोड़ रुपये खर्च कर 676 नई इंसास राइफलें खरीदेगी। पुरानी .303 राइफलों की होगी छुट्टी।

Sushant Singh3 November 20261 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
यूपी की जेलों की सुरक्षा होगी पुख्ता, सरकार खरीदेगी 676 नई इंसास राइफलें

उत्तर प्रदेश की जेलों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। यूपी सरकार ने प्रदेश की जेलों के लिए 676 नई इंसास (INSAS) राइफलों की खरीद का फैसला किया है। इस पूरी कवायद का मकसद जेल वार्डरों और सुरक्षाकर्मियों को आधुनिक हथियारों से लैस करना है, ताकि वे किसी भी आपातकालीन स्थिति या जेल ब्रेक जैसी कोशिशों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें।

लंबे समय से जेलों में पुरानी .303 राइफलों का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिन्हें अब बदला जा रहा है। इस आधुनिकिकरण परियोजना पर सरकार लगभग 14 करोड़ रुपये खर्च करने जा रही है। बजट के विवरण के अनुसार, 676 राइफलों की खरीद के लिए करीब 13.50 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जबकि प्रशिक्षण और परिचालन कार्यों के लिए 58,795 कारतूसों की खरीद पर लगभग 30 लाख रुपये खर्च होंगे।

STF संभालेगा खरीद की जिम्मेदारी

हथियारों की इस खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को जिम्मेदारी सौंपी है। STF ही इन आधुनिक हथियारों की खरीद की पूरी प्रक्रिया को पूरा कराएगी।

गौरतलब है कि जेल विभाग पिछले दो वर्षों से अपने हथियारों के जखीरे को अपडेट करने में जुटा है। इसी कड़ी में विभाग पहले ही 254 इंसास राइफलें और 44,875 कारतूस खरीद चुका है। सरकार की इस व्यापक रणनीति का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जेलों में तैनात सुरक्षाकर्मी न केवल आधुनिक तकनीक से लैस हों, बल्कि उन्हें उन्नत प्रशिक्षण भी मिले, जिससे जेल परिसर के भीतर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य बनी रहे।

Share:

Comments

Leave a comment