लखनऊ: यूपी पुलिस पेंशनर एसोसिएशन ने आयोजित की खेल प्रतियोगिता, रिटायर्ड अफसरों ने दिखाया दम
लखनऊ के शहीद चंद्रशेखर आजाद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों ने दिखाया दम, विभिन्न खेलों में मारी बाजी।

रिटायरमेंट के बाद भी जोश और जज्बा कम नहीं होता, इसे सच कर दिखाया लखनऊ के सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों ने। यूपी पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित वार्षिक खेल प्रतियोगिता में रिटायर्ड अफसरों ने अपनी फिटनेस और खेल भावना से सबको हैरान कर दिया। यह पूरा आयोजन लखनऊ के महानगर स्थित 35वीं बटालियन पीएसी के शहीद चंद्रशेखर आजाद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुआ, जहां सुबह 7 बजे से ही उत्साह का माहौल था।
कार्यक्रम का आगाज एसोसिएशन के अध्यक्ष और रिटायर्ड डीजीपी अरविंद कुमार जैन ने किया। इस प्रतियोगिता में उम्र की सीमाओं को पीछे छोड़ते हुए अधिकारियों ने 3 किलोमीटर वॉक, शॉट पुट, डिस्कस थ्रो, रस्साकशी और म्यूजिकल चेयर जैसे मुकाबलों में हिस्सा लिया।
विजेताओं ने मारी बाजी, रस्साकशी में दिखा रोमांच
खेलों के परिणामों की बात करें तो 70-80 वर्ष की आयु श्रेणी में महिलाओं में मिथिलेश सिंह ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि पुरुषों में अनिल कुमार पहले, रामजी लाल निरंजन दूसरे और ओ.पी. तिवारी तीसरे स्थान पर रहे। वहीं 60-70 वर्ष के आयु वर्ग में धनेश प्रसाद ने पहला, शिवदीन सिंह ने दूसरा और सुरेंद्र चौबे ने तीसरा स्थान पाया।
ताकत के प्रदर्शन वाले शॉट पुट इवेंट में अनिल कुमार सिंह पहले, राम लाल यादव दूसरे और हरिहर सिंह तीसरे स्थान पर रहे। डिस्कस थ्रो में राम शब्द यादव ने बाजी मारी, जबकि हरिहर सिंह और राम लाल यादव क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। मनोरंजन और फुर्ती के खेल म्यूजिकल चेयर में सुरेंद्र चौबे प्रथम, राकेश राय द्वितीय और मिथिलेश सिंह तृतीय रहीं।
प्रतियोगिता का सबसे रोमांचक मोड़ रस्साकशी रहा, जिसमें रिटायर्ड एडीजी रामेश्वर दयाल और रिटायर्ड डीजीपी अरविंद कुमार जैन के नेतृत्व वाली टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली।
कार्यक्रम के अंत में अरविंद कुमार जैन, रामेश्वर दयाल, उपाध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा (रिटायर्ड आईजी) और महासचिव आर.के. चतुर्वेदी (रिटायर्ड आईजी) ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस पूरे आयोजन को 35वीं बटालियन पीएसी के कमांडर अमित कुमार द्वितीय के मार्गदर्शन और असिस्टेंट कमांडर उदयवीर सिंह व उनकी टीम के सहयोग से सफल बनाया गया।