UP PET परीक्षा: आखिरी दिन केंद्रों पर सुरक्षा सख्त, परीक्षार्थियों के लिए चलीं स्पेशल ट्रेनें
यूपी पीईटी परीक्षा के आखिरी दिन केंद्रों पर सुरक्षा कड़ी की गई है। परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेनें चलाई हैं।

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित यूपी पीईटी परीक्षा के अंतिम दिन रविवार को लखनऊ समेत विभिन्न केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। परीक्षा के आखिरी चरण में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा और केंद्रों पर गहन चेकिंग की गई।
बता दें कि UPSSSC PET 2026 की यह परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को आयोजित की जा रही है। परीक्षार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए शासन और प्रशासन ने पहले ही पुख्ता तैयारी कर ली थी, ताकि उम्मीदवारों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रेलवे और पुलिस का खास तालमेल
परीक्षा के दौरान उम्मीदवारों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए रेलवे के साथ विशेष समन्वय किया गया। मुरादाबाद के जिला मजिस्ट्रेट अनुनय झा ने बताया कि 25 अक्टूबर को परीक्षा की पहली शिफ्ट के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आठ विशेष ट्रेनें चलाई गई थीं। रेलवे स्टेशन पर पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ के जवानों की तैनाती रही, ताकि विशेष रूप से महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
वहीं, एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने जानकारी दी कि बाराबंकी, अयोध्या और लखनऊ की ओर जाने वाले परीक्षार्थियों के लिए रेलवे के साथ पहले ही तालमेल बिठा लिया गया था। उन्होंने बताया कि दोपहर की पहली शिफ्ट के बाद और शाम 3 से 5 बजे तक चलने वाली दूसरी शिफ्ट के बाद भी अतिरिक्त विशेष ट्रेनें चलाई गईं, जिससे परीक्षार्थियों को अपने गंतव्य तक पहुँचने में आसानी हो सके।