यूपी के मंत्री संदीप सिंह की 14 नवंबर को सगाई, सीएम योगी होंगे शामिल
यूपी के मंत्री संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ की सगाई 14 नवंबर को अलीगढ़ में होगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी निमंत्रण स्वीकार किया है।

उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह जल्द ही वैवाहिक बंधन में बंधने जा रहे हैं। संदीप सिंह की सगाई 14 नवंबर 2026 को उनकी मंगेतर मेघना चौधरी के साथ होने जा रही है। खास बात यह है कि इस जश्न में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे, जिन्होंने इस समारोह का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।
यह भव्य आयोजन अलीगढ़ के तलानगरगर स्थित सेंट फिदेलिस स्कूल के मैदान में होगा। इस मौके पर खुशियां दोगुनी होंगी, क्योंकि संदीप सिंह के साथ-साथ उनके छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा की सगाई भी उसी दिन होगी। सौरभ की सगाई अंतरा त्यागी के साथ तय हुई है। दोनों भाइयों की इस डबल सगाई के लिए रिश्तेदारों और करीबियों को निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं।
स्कूल के दिनों का प्यार और लंबी दूरी का रिश्ता
संदीप सिंह और मेघना चौधरी की यह प्रेम कहानी अलीगढ़ के दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) से शुरू हुई थी। स्कूल के दिनों में संदीप, मेघना के सीनियर थे। साल 2012 में संदीप की स्कूली पढ़ाई पूरी हुई, जिसके बाद मेघना कानून की डिग्री हासिल करने के लिए विदेश चली गईं।
सात समंदर पार होने के बावजूद दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला कभी नहीं थमा। फोन कॉल और मैसेज के जरिए उन्होंने सालों तक अपना रिश्ता कायम रखा। आखिरकार साल 2024 में दोनों ने अपने परिवारों को इस रिश्ते के बारे में बताया, जिसके बाद बड़ों की सहमति से शादी की बात तय हुई।
सगाई की रस्मों के बाद, दोनों भाइयों की शादी 27 नवंबर 2026 को दिल्ली में संपन्न होगी।