वाराणसी में यूपी जदयू का शंखनाद, निशांत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत के नेतृत्व में वाराणसी में यूपी जदयू ने भरी हुंकार, 2027 विधानसभा चुनाव के लिए तैयारी शुरू।

उत्तर प्रदेश की राजनीति में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। वाराणसी में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान उमड़ी भारी भीड़ ने यह साफ कर दिया है कि पार्टी राज्य में एक नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रही है। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और लोकप्रिय नेता निशांत के नेतृत्व में हुए इस दौरे को जदयू के लिए एक नए युग की शुरुआत माना जा रहा है।
बिहार जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने इस आयोजन की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि वाराणसी में निशांत को सुनने के लिए उमड़ा जनसैलाब अद्भुत और अकल्पनीय था। उन्होंने जोर देकर कहा कि निशांत के पहले संगठनात्मक दौरे ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में जदयू के लिए एक नए अध्याय का आगाज़ कर दिया है।
2027 विधानसभा चुनाव पर नजर
उमेश सिंह कुशवाहा के अनुसार, निशांत के संबोधन ने जमीनी कार्यकर्ताओं के भीतर एक नया आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना पैदा की है, जो आने वाले समय में पार्टी की मजबूत नींव बनेगा। उन्होंने कहा कि एक स्वास्थ्य मंत्री के रूप में निशांत ने जनसेवा और सुशासन के जो मानक स्थापित किए हैं, उसकी लोकप्रियता अब बिहार की सीमाओं को पार कर उत्तर प्रदेश के युवाओं और आम जनता के बीच भी बढ़ रही है।
पार्टी नेतृत्व को पूरा विश्वास है कि उत्तर प्रदेश की धरती पर शुरू हुआ यह राजनीतिक अभियान आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में बड़ा प्रभाव डालेगा। जदयू का लक्ष्य राज्य में 'न्याय के साथ विकास' और सुशासन की विचारधारा को मजबूती से पहुंचाना है, ताकि आने वाले समय में पार्टी अपनी स्थिति और अधिक सशक्त कर सके।