यूपी भाजपा का बड़ा दांव: 712 सदस्यों की रिकॉर्ड तोड़ 'जंबो' कार्यकारिणी का ऐलान
यूपी भाजपा ने 712 सदस्यों की अब तक की सबसे बड़ी प्रदेश कार्यकारिणी का ऐलान किया है। इसमें पीएम मोदी और सीएम योगी समेत कई दिग्गज शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी और संगठन को अभेद्य बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने एक बड़ा कदम उठाया है। यूपी भाजपा ने अब तक की सबसे बड़ी प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की है, जिसमें कुल 712 सदस्यों को जगह दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा जारी इस सूची में पार्टी ने दिग्गजों का ऐसा जमावड़ा लगाया है, जो संगठन की ताकत को नए स्तर पर ले जाने का संकेत दे रहा है।
इस विशाल कार्यकारिणी का ढांचा काफी विस्तृत रखा गया है। इसमें 548 राज्य कार्यकारिणी सदस्य, 30 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 134 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल किए गए हैं। इस सूची की सबसे खास बात यह है कि इसमें राष्ट्रीय और राज्य स्तर के लगभग सभी बड़े चेहरों को जगह मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
दिग्गजों की मौजूदगी और लखनऊ में बड़ी बैठक
इस जंबो कमेटी में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व पार्टी अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी, राष्ट्रीय महासचिव हरीश द्विवेदी, स्मृति ईरानी और मुख्तार अब्बास नकवी जैसे कद्दावर नेताओं के नाम शामिल हैं। वहीं राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य, साध्वी निरंजन ज्योति और विनय कटियार जैसे प्रमुख नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस नई टीम के गठन के तुरंत बाद अब लखनऊ में एक हाई-प्रोसेस मीटिंग की तैयारी शुरू हो गई है। 30 और 31 अक्टूबर को होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। बैठक की तैयारियों की कमान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन सचिव धर्मपाल सिंह संभाल रहे हैं।
राजनीतिक गलियारों में इस कदम को एक सोची-समझी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। इतनी बड़ी संख्या में सदस्यों को शामिल करने का मुख्य उद्देश्य संगठन की पहुंच को गांव-गांव तक ले जाना और आने वाले चुनावों के लिए एक मजबूत चुनावी रणनीति तैयार करना है।