यूपी एटीएस का बड़ा खुलासा: 58 लाख फर्जी ईमेल आईडी से फैलाया आतंक का जाल
यूपी एटीएस ने खुलासा किया कि कैसे 58 लाख फर्जी ईमेल आईडी के जरिए स्कूलों और वीआईपी को बम की धमकी दी गई। बांग्लादेश और पाकिस्तान से थे कनेक्शन।

उत्तर प्रदेश एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने एक ऐसे सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश किया है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए हैं। यूपी एटीएस ने जांच में पाया है कि करीब 58 लाख फर्जी ईमेल आईडी का एक विशाल नेटवर्क चलाया जा रहा था, जिसका इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकी खतरों और दहशत फैलाने के लिए किया जा रहा था। इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड अंकित संखवार है, जिसे कानपुर से गिरफ्तार किया गया था।
अंकित संखवार से सात दिनों तक चली कड़ी पूछताछ और उसके लैपटॉप की फॉरेंसिक जांच के बाद यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पहले जांच में 22 लाख फर्जी आईडी मिली थीं, लेकिन अब 36 लाख और नई ईमेल आईडी बरामद हुई हैं। एटीएस ने इन सभी संदिग्ध खातों को बंद कराने के लिए ईमेल सेवा प्रदाताओं को पत्र लिखे हैं और 22 लाख जीमेल खातों को ब्लॉक करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्कूलों से लेकर अमिताभ बच्चन तक को मिली थी धमकी
जांच में यह बात सामने आई है कि इन फर्जी ईमेल आईडी का इस्तेमाल केवल सामान्य धोखाधड़ी के लिए नहीं, बल्कि बड़े स्तर पर खौफ पैदा करने के लिए किया गया था। इन्हीं आईडी के जरिए उत्तर प्रदेश के कई स्कूलों, दिल्ली-एनसीआर, गुरुग्राम और मुंबई मेयर के कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकियां भेजी गई थीं। इतना ही नहीं, बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन और मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांझ जैसी बड़ी हस्तियों को भी इन ईमेल के जरिए निशाना बनाया गया था।
पैसे के लेन-देन की बात करें तो पिछले चार सालों में अंकित के खातों में करीब 80 लाख रुपये का ट्रांजैक्शन हुआ है। इसमें से 40 लाख रुपये क्रिप्टोकरेंसी के जरिए कैश में बदले गए। जांच में पता चला है कि इस रकम का बड़ा हिस्सा बांग्लादेश के अल-अमीन नामक व्यक्ति से जुड़ा है।
अंकित संखवार पाकिस्तान और बांग्लादेश के हैंडलर्स के सीधे संपर्क में था और वह तुर्की, मिस्र, पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों के ग्राहकों को ये फर्जी ईमेल आईडी बेचता था। पकड़े जाने से बचने के लिए वह जटिल वाई-फाई और प्रॉक्सी नेटवर्क का इस्तेमाल करता था। फिलहाल, एटीएस ने अंकित के तीन करीबी सहयोगियों को भी रडार पर लिया है और इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।