बम धमाकों की धमकी में इस्तेमाल हुई फर्जी आईडी, यूपी एटीएस ने कानपुर से शख्स को दबोचा
यूपी एटीएस ने कानपुर के अंकित संखवाल को गिरफ्तार किया है, जिसने 17 लाख फर्जी जीमेल आईडी बेचकर बम धमाकों की धमकियों में मदद की।

उत्तर प्रदेश एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने एक बड़े साइबर नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए कानपुर के रहने वाले अंकित संखवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने करीब 17 लाख फर्जी जीमेल आईडी बनाकर उन्हें दुनिया भर के संदिग्ध लोगों को बेचा, जिनका इस्तेमाल स्कूलों, धार्मिक स्थलों और कई मशहूर हस्तियों को बम से उड़ाने की धमकी देने के लिए किया गया।
जांच में सामने आया है कि अंकित साल 2021 से यह काला कारोबार चला रहा था। वह प्रॉक्सी नेटवर्क और खास प्रोग्रामिंग स्क्रिप्ट का इस्तेमाल करता था, जिससे बिना मोबाइल नंबर वेरिफिकेशन के बड़ी संख्या में ईमेल अकाउंट बनाना संभव हो गया। शुरुआत में पुलिस को केवल 5 लाख आईडी का पता चला था, लेकिन जब उसके लैपटॉप की फॉरेंसिक जांच हुई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि उसने कुल 17 लाख फर्जी अकाउंट तैयार कर बेचे थे।
दिलीप दोसांझ और अमिताभ बच्चन को मिली धमकियों से जुड़ा कनेक्शन
एटीएस की जांच में यह बात सामने आई है कि अंकित द्वारा बेची गई इन आईडी का इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया गया। इन अकाउंट्स के जरिए पाकिस्तान, बांग्लादेश, तुर्की, मिस्र और अमेरिका जैसे देशों में बैठे लोगों ने दहशत फैलाई। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि सिंगर दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट और बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित आवास 'जलसा' को भेजी गई बम की धमकियां भी इसी नेटवर्क से जुड़ी ईमेल आईडी के जरिए भेजी गई थीं।
अधिकारी अब इस बात की गहराई से जांच कर रहे हैं कि इन आईडी को खरीदने वाले विदेशी हैंडलर कौन थे। आरोपी पैसों के लेन-देन के लिए क्रिप्टो-वॉलेट का इस्तेमाल करता था, जिसके रिकॉर्ड्स को खंगाला जा रहा है। यूपी एटीएस इस मामले में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) के साथ मिलकर काम कर रही है। साथ ही, इन सभी फर्जी अकाउंट्स को ब्लॉक करवाने के लिए गूगल से संपर्क किया गया है ताकि भविष्य में इनका इस्तेमाल किसी आतंकी साजिश के लिए न हो सके।