थुथवा-कातकी मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, श्री हरि चरण सेवा संस्थान के कैंप ने जीता दिल
लखीमपुर खीरी के थुथवा-कातकी मेले में श्री हरि चरण सेवा संस्थान द्वारा आयोजित सेवा शिविर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

लखीमपुर खीरी के ईशानगर में सरयू नदी के पावन तट पर आयोजित ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा थुथवा-कातकी मेले में इस बार भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहाँ श्री हरि चरण सेवा संस्थान, शिवपुर द्वारा लगाए गए सेवा शिविर ने श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनकर सबका मन मोह लिया। इस कैंप में न केवल भक्तों की सेवा की जा रही है, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए लोक कलाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर में लोक संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। मशहूर लोक गायक आनंद अग्निहोत्री ने अपनी सुरीली आवाज से वहां मौजूद भीड़ को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं सेजल साहू और उनकी टीम के सांस्कृतिक प्रदर्शनों ने मेले की रौनक में चार चांद लगा दिए। लोक संस्कृति की इन झलकियां देखकर श्रद्धालु काफी देर तक वहीं रुके रहे और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
सेवा और समर्पण की मिसाल बना शिविर
इस अवसर पर प्रसिद्ध कथा व्यास सुरेश अवस्थी महाराज ने भी शिविर का दौरा किया, जिनका संस्थान के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मेले के दौरान कई जनप्रतिनिधियों, राजनेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी कैंप का भ्रमण किया और वहां की व्यवस्थाओं की सराहना की। मेहमानों ने विशेष रूप से श्रद्धालुओं के लिए आयोजित भंडारे और संस्थान के कुशल प्रबंधन की तारीफ की।
संस्थान के अध्यक्ष मनीष मिश्रा और उनकी पूरी टीम के समर्पण और कड़ी मेहनत की हर तरफ चर्चा रही। इस मौके पर मनीष मिश्रा ने कहा कि उनके पिता के आशीर्वाद और प्रेरणा से संस्थान धार्मिक परंपराओं को सहेजने और लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पवित्र सरयू नदी के तट पर सेवा और समर्पण की यह परंपरा भविष्य में भी इसी तरह निरंतर जारी रहेगी। इस आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और श्रद्धालु मौजूद रहे।