दिवाली पर भी नहीं टूटा हौसला, लखनऊ के इको गार्डन में डटे 68,500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थी
दीपावली के मौके पर भी लखनऊ के इको गार्डन में शिक्षक भर्ती अभ्यर्थी डटे हुए हैं। आरक्षण विसंगतियों को दूर करने की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है।

जहाँ पूरा देश दीपावली की खुशियों और रोशनी में डूबा है, वहीं लखनऊ के इको गार्डन में सैकड़ों युवाओं की दिवाली अधूरी है। 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा 2018 के अभ्यर्थी अपने हक की लड़ाई लड़ते हुए पिछले 68 दिनों से धरने पर बैठे हैं। धनतेरस के मौके पर भी इन अभ्यर्थियों ने इको गार्डन के फव्वारे के पास शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और साफ कर दिया कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, वे यहाँ से नहीं हिलेंगे।
अभ्यर्थियों की मुख्य नाराजगी आरक्षण की विसंगतियों को लेकर है। उनका कहना है कि राज्य और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) को आरक्षण का पूरा लाभ नहीं दिया गया है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि भर्ती परिणामों को संशोधित किया जाए और नियुक्ति सूची में दिव्यांगजनों, पूर्व सैनिकों और स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों के लिए कानूनी रूप से अनिवार्य आरक्षण लाभों को शामिल किया जाए।
वादे हुए ढेर, भविष्य अधर में
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने अपना दर्द साझा करते हुए कहा कि एक तरफ लोग अपने परिवारों के साथ त्योहार मना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आरक्षण की गड़बड़ियों के कारण सैकड़ों युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के साथ कई बैठकें हुईं और हर बार केवल मौखिक आश्वासन मिले, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इस विरोध प्रदर्शन में नवीन चौधरी, रंजना जायसवाल, दीपक पटेल, नसीम फरीदी, घनश्याम, मनोज, उत्कर्ष, अमित, ऋषिता पाल, अनुराग पाल और अनस समेत बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक सरकार संशोधित परिणाम जारी नहीं करती और नियुक्तियां नहीं देती, उनका यह अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।