लखीमपुर खीरी: स्कूल जा रही टीचर से छेड़छाड़ और लूट, 4 साल से कर रहा था पीछा

लखीमपुर खीरी में एक महिला टीचर पर पीछा करने वाले शख्स ने हमला कर लूटपाट की। पीड़िता ने पुलिस से सुरक्षा और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।

Sushant Singh21 November 20261 min read0 viewsउत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बेहजाम ब्लॉक के एक कंपोजिट स्कूल में तैनात महिला टीचर के साथ रास्ते में हमला और लूटपाट की गई। शुक्रवार सुबह जब शिक्षिका अपने स्कूल जा रही थीं, तभी एक शख्स ने उन्हें रास्ते में रोककर उनके साथ बदसलूकी की और उनका बैग लूटकर फरार हो गया।

पीड़िता के अनुसार, यह कोई अचानक हुई घटना नहीं है, बल्कि आरोपी पिछले चार साल से उनका पीछा कर रहा था और उन्हें यौन उत्पीड़न का शिकार बनाने की कोशिश कर रहा था। शिक्षिका ने बताया कि करीब दो साल पहले भी आरोपी ने चार बार उनके साथ ऐसी ही कोशिश की थी, लेकिन हर बार उन्होंने हिम्मत दिखाकर खुद को बचाया था।

सुनसान सड़क पर किया हमला

शुक्रवार सुबह करीब 9:35 बजे जब टीचर स्कूल की ओर जा रही थीं, तभी एक सुनसान सड़क पर आरोपी ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि पहले उसने अश्लील हरकतें शुरू कीं और जब शिक्षिका ने इसका विरोध किया, तो उसने उन्हें थप्पड़ मारा और उनके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। इस अफरा-तफरी के बीच आरोपी ने उनका बैग छीन लिया, जिसमें 8,000 से 10,000 रुपये नकद और कुछ जरूरी दस्तावेज थे।

घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत ई-एफआईआर (e-FIR) दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह आरोपी को अच्छी तरह पहचानती हैं। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जाए। फिलहाल स्थानीय पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share:

Comments

Leave a comment