कानपुर देहात: अमूल फैक्ट्री में टैंकर ड्राइवर का शव मिलने से हड़कंप, जांच शुरू

कानपुर देहात के लालपुर स्थित अमूल फैक्ट्री में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब वहां एक टैंकर ड्राइवर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान 29 वर्षीय एजाज अहमद के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि एजाज अहमद का शव उसके टैंकर की खिड़की से लटका हुआ पाया गया। जैसे ही यह खबर स्थानीय पुलिस तक पहुंची, टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके से जरूरी सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत की असली वजह साफ हो सके।
पुलिस खंगाल रही है CCTV फुटेज
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतक एजाज अहमद सुल्तानपुर के हलियापुर थाना क्षेत्र का निवासी था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है और उनके कानपुर देहात पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
जांच अधिकारियों का कहना है कि वे इस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रहे हैं। फैक्ट्री परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता चल सके कि घटना के समय वहां क्या हुआ था। साथ ही, मृतक के मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है, जिससे किसी सुराग के मिलने की उम्मीद है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही किसी नतीजे पर पहुंचेगी।