सुल्तानपुर: नायब तहसीलदार पर हमले के आरोपियों से मुठभेड़, 5 गिरफ्तार, 3 के पैर में लगी गोली
सुल्तानपुर में नायब तहसीलदार पर हमले के आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़, 5 गिरफ्तार और अवैध हथियार बरामद।

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उन बदमाशों को दबोच लिया है, जिन्होंने सरकारी अधिकारियों पर हमला करने का दुस्साहस किया था। बुधवार सुबह हुए दो अलग-अलग एनकाउंटर्स में पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी है। यह पूरी कार्रवाई नायब तहसीलदार और दो लेखपालों पर हुए हमले के बाद की गई है।
दो मुठभेड़ों में पुलिस ने दबोचे अपराधी
पुलिस की पहली मुठभेड़ सुबह करीब 5 बजे कोतवाली नगर इलाके के खैचला क्षेत्र में हुई। इस दौरान पुलिस ने राहुल सिंह, नौशाद और मनोज सिंह को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान राहुल सिंह के पैर में गोली लगी। पुलिस ने इनके पास से एक .32 बोर की पिस्टल, कारतूस और एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार राहुल सिंह पर जिले के अलग-अलग थानों में 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इसके कुछ घंटों बाद, सुबह करीब 8:45 बजे अखंडनगर थाना क्षेत्र में दूसरी मुठभेड़ हुई। यहाँ पुलिस टीम का सामना संदीप सिंह और प्रशांत सिंह से हुआ। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी और वे घायल हो गए। पुलिस ने इन दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया। संदीप और प्रशांत वही आरोपी हैं जिन्होंने माइनिंग और राजस्व टीम पर हमला किया था। इनके पास से .315 और 12 बोर की देसी पिस्टल और एक बिना नंबर प्लेट की काली थार गाड़ी बरामद हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि संदीप सिंह का भी पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर 6 मुकदमे दर्ज हैं। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने हथियारों के अलावा अवैध मिट्टी खनन में इस्तेमाल होने वाले चार डंपर भी बरामद किए हैं। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।