इंदौर से गोरखपुर तक फैला अवैध हथियारों का जाल, STF ने मास्टरमाइंड बिट्टू इंदौरी को दबोचा

यूपी एसटीएफ ने गोरखपुर में इंदौर के बड़े हथियार तस्कर बिट्टू इंदौरी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से पिस्टल और कारतूस बरामद हुए हैं।

Sushant Singh17 November 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
इंदौर से गोरखपुर तक फैला अवैध हथियारों का जाल, STF ने मास्टरमाइंड बिट्टू इंदौरी को दबोचा

उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF) ने हथियारों की तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी बिट्टू इंदौरी उर्फ देवेंद्र सक्सेना के रूप में हुई है। एसटीएफ की गोरखपुर इकाई ने इस कार्रवाई को कैंट थाना क्षेत्र के कौवा बाग अंडरपास के पास अंजाम दिया।

जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि हथियारों की तस्करी करने वाला यह सिंडिकेट मध्य प्रदेश और हरियाणा से अवैध असलहे लाकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में सप्लाई करता है। इसी सूचना के आधार पर शनिवार शाम करीब 7:15 बजे टीम ने घेराबंदी कर बिट्टू इंदौरी को धर दबोचा। आरोपी के पास से दो पिस्टल (.32 बोर), दो मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

एमपी और हरियाणा से जुड़ा है तस्करी का सिंडिकेट

जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम कर रहा था। यह नेटवर्क मध्य प्रदेश के बड़वानी (सेंदुआ) और हरियाणा के सोनीपत से अवैध हथियारों की खेप मंगवाता था। इसके बाद गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया और महराजगंज जैसे जनपदों में स्थानीय गुर्गों के जरिए इन हथियारों को बेचा जाता था। गिरोह के सदस्य प्रति पिस्टल 20 से 30 हजार रुपये का मुनाफा कमा रहे थे।

एसटीएफ के लिए यह कोई पहली कामयाबी नहीं है। इससे पहले सितंबर में इस गिरोह के 5 सदस्यों और अक्टूबर की शुरुआत में एक अन्य सदस्य को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनसे कई अवैध पिस्टल बरामद हुई थीं। बिट्टू इंदौरी इस सिंडिकेट का मुख्य सदस्य था, जो बड़वानी से पिस्टल लेकर अपने साथी रणधीर यादव को बेचने के लिए गोरखपुर आया था।

यह पूरी कार्रवाई एसटीएफ लखनऊ के पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही के पर्यवेक्षण और निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में की गई। आरोपी बिट्टू इंदौरी पहले से ही कैंट थाने में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत वांछित चल रहा था।

Share:

Comments

Leave a comment