शाहजहाँपुर: वोट चोरी के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता, फूंका CEC का पुतला

शाहजहाँपुर: वोट चोरी के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता, फूंका CEC का पुतला

उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर में गुरुवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब कथित 'वोट चोरी' के खिलाफ समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा आयोजित एक प्रदर्शन हिंसक झड़प में बदल गया। टाउन हॉल के पास स्थित कवि तिराहे पर सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया।

सपा जिला अध्यक्ष तनवीर खान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एक विरोध मार्च निकालते हुए कवि तिराहे पर पहुंचे थे। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाने की कोशिश की, वहां मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस बीच पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई शुरू हो गई। हालात इतने बिगड़ गए कि झड़प के दौरान एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर के बैच टूट गए, जबकि एक सपा कार्यकर्ता की शर्ट फट गई और जिला अध्यक्ष तनवीर खान की टोपी जमीन पर गिर गई।

लोकतंत्र बचाने की लड़ाई: सपा जिला अध्यक्ष

भारी हंगामे और पुलिस की कोशिशों के बावजूद, सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका। इस पूरी घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष तनवीर खान ने चुनाव आयोग पर पक्षपात का गंभीर आरोप लगाया और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वोट चोरी के खिलाफ यह आंदोलन जारी रहेगा क्योंकि यह लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों को बचाने की लड़ाई है।

गौरतलब है कि शाहजहाँपुर में यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे ठीक एक दिन पहले बुधवार को कांग्रेस पार्टी ने भी 'वोट बचाओ-देश बचाओ' मार्च निकाला था। उस दौरान भी मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच इसी तरह की झड़प देखने को मिली थी।

Share:

Comments

Leave a comment