सीतापुर: तालाब में गिरी अनियंत्रित कार, तीन कारोबारियों की दर्दनाक मौत

सीतापुर के पंचपीरी गांव के पास कार तालाब में गिरने से तीन कारोबारियों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से शवों को निकाला।

Sushant Singh27 October 20261 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
सीतापुर: तालाब में गिरी अनियंत्रित कार, तीन कारोबारियों की दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां कमलापुर थाना क्षेत्र के पंचपीरी गांव के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गहरे तालाब में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार तीन कारोबारियों की मौत हो गई। सोमवार देर रात जब पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला, तब तक तीनों की जान जा चुकी थी।

जानकारी के मुताबिक, मृतक राकेश चौरसिया (50 वर्ष), सतीश निर्मल (40 वर्ष) और रामेंद्र सिंह (62 वर्ष) बहराइच से वापस लौट रहे थे। राकेश चौरसिया रविवार शाम को अपने दो दोस्तों के साथ बहराइच गए थे, क्योंकि उनके बेटे मोहन का उसी दिन एक एक्सीडेंट हो गया था। बेटा तो हादसे में बच गया, लेकिन पिता और उनके दोस्तों की किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

CCTV फुटेज से हुआ हादसे का खुलासा

जब तीनों कारोबारी तय समय तक घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। फोन मिलाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जब इलाके के CCTV फुटेज खंगाले, तो कार को पंचपीरी गांव के पास तालाब की ओर जाते देखा गया।

पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और क्रेन बुलाकर कार को तालाब से बाहर निकाला। अनुमान लगाया जा रहा है कि कार करीब 20 घंटे तक पानी में डूबी रही। शुरुआती जांच में मौत की वजह डूबना बताया जा रहा है।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद से तीनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि कार आखिर किस वजह से सड़क से नीचे उतरी और तालाब में जा गिरी।

Share:

Comments

Leave a comment