शामली: 1 लाख का इनामी शूटर सत्यम कादियन फेसबुक पर एक्टिव, डाल रहा है दबंग पोस्ट

सिंगर अंकित बालिया हत्याकांड का आरोपी सत्यम कादियन 1 लाख के इनाम के बावजूद फेसबुक पर पोस्ट डाल रहा है। पुलिस अब भी तलाश में जुटी है।

Sushant Singh25 November 20261 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
शामली: 1 लाख का इनामी शूटर सत्यम कादियन फेसबुक पर एक्टिव, डाल रहा है दबंग पोस्ट

उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालिया की हत्या के मामले में फरार चल रहा शूटर सत्यम कादियन पुलिस की आंखों में धूल झोंककर सोशल मीडिया पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहा है। हैरानी की बात यह है कि जिस आरोपी पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है, वह बेखौफ होकर अपने नाम से फेसबुक अकाउंट चला रहा है और लगातार पोस्ट अपडेट कर रहा है।

सत्यम कादियन का यह फेसबुक अकाउंट पिछले कई महीनों से सक्रिय है, जहां उसने दर्जनों पोस्ट साझा किए हैं। हाल ही में चार दिन पहले उसने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें एक फिल्मी डायलॉग के साथ उसकी ग्रैंड एंट्री दिखाई गई है। इस पोस्ट में लिखा है, "हमें शौक नही दूसरों की महफिलों में बैठने का लाला हम अकेले बैठकर भी दूसरों की निगाहों में खूब खटकते है।" चौंकाने वाली बात यह है कि उसकी आखिरी पोस्ट महज 15 घंटे पहले ही की गई है।

पुलिस की गिरफ्त से दूर आरोपी और साथी

इस हत्याकांड में सत्यम कादियन के साथ उसका साथी आर्यन सिंधु भी शामिल है। पुलिस ने इन दोनों ही शूटरों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम रखा हुआ है। अंकित बालिया की हत्या के बाद से ही दोनों फरार हैं। पुलिस की तमाम कोशिशों और छापेमारी के बावजूद, महीनों बीत जाने के बाद भी प्रशासन के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है और आरोपी खुलेआम सोशल मीडिया के जरिए अपनी धमक दिखा रहे हैं।

Share:

Comments

Leave a comment