शिवा शर्मा मर्डर केस: आरोपी श्रद्धा दुबे और साथियों के पास से मोबाइल व सबूत बरामद
लखनऊ पुलिस ने शिवा शर्मा हत्याकांड के आरोपियों श्रद्धा दुबे, रश्मि और दानिश से मोबाइल फोन और सबूत जब्त किए हैं। जांच अब फोरेंसिक लैब में होगी।

लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा मर्डर केस में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और उनके ड्राइवर दानिश की गिरफ्त से मोबाइल फोन और कई अन्य अहम सबूत बरामद किए हैं। लखनऊ के सेंट्रल डीसीपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि बरामद किए गए इन सामानों को अब फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है, जिससे इस हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाने में और मदद मिलेगी।
पुलिस टीम इन तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर नागपुर से लखनऊ लेकर आई है। यहां गहन पूछताछ के बाद उनके पास से सबूत जब्त किए गए और उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। डीसीपी ने स्पष्ट किया है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जाएगी और जो कोई भी इस अपराध में मददगार पाया गया, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नागपुर से हुई थी गिरफ्तारी, 50 हजार का था इनाम
बता दें कि यूपी एसटीएफ और लखनऊ पुलिस ने नागपुर पुलिस के सहयोग से एक बड़े ऑपरेशन के बाद श्रद्धा, रश्मि और दानिश को 20 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। ये तीनों आरोपी काफी समय से फरार चल रहे थे और पुलिस ने इन तीनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
इस पूरे मामले की शुरुआत 9 अक्टूबर को हुई थी, जब शिवा की मां रंजना शर्मा ने हजरतगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद रंजना शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस प्रशासन का आभार जताया है। उन्होंने इसे न्याय की दिशा में पहला कदम बताया है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही पूरा सच सामने आएगा और दोषियों को सजा मिलेगी।