शिवा शर्मा मर्डर केस: श्रद्धा दुबे समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, नागपुर कोर्ट से मिला ट्रांजिट रिमांड

लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा मर्डर केस में उत्तर प्रदेश पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रही मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे और उसके दो साथियों को महाराष्ट्र के नागपुर से दबोच लिया है। नागपुर की अदालत ने तीनों आरोपियों का ट्रांजिट रिमांड यूपी पुलिस को सौंप दिया है, जिसके बाद पुलिस टीम उन्हें लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो गई है।
इस पूरे ऑपरेशन में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UPSTF) और लखनऊ पुलिस ने मिलकर काम किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में श्रद्धा दुबे के साथ उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश शामिल हैं। बता दें कि ये तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे और इन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
बुर्के की आड़ में छिप रही थी मुख्य आरोपी
यूपी के एडीजी (कानून एवं व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे पुलिस को चकमा देने में काफी शातिर थी। वह अपनी पहचान छिपाने के लिए लगातार बुर्का पहनकर घूम रही थी। इतना ही नहीं, उसने मोबाइल और अन्य संचार उपकरणों का इस्तेमाल न्यूनतम कर दिया था और वह केवल उन्हीं सस्ते होटलों में रुक रही थी जहां सीसीटीवी या पुलिस की निगरानी कम हो। पुलिस को यह भी जानकारी मिली थी कि वह जांच को गुमराह करने के लिए नेपाल भी गई थी और फिर वापस लौटी।
यह मामला 9 अक्टूबर को हजरतगंज थाने में दर्ज किया गया था, जब मृतक शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। आरोपियों की तलाश के लिए सर्विलांस यूनिट और एसओजी की कई टीमें तैनात की गई थीं।
बेटे की मौत के बाद इंसाफ की गुहार लगा रही रंजना शर्मा ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर खुशी जताई है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विजयदशमी के दिन आरोपियों की गिरफ्तारी उनके लिए न्याय की दिशा में पहला कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि अब कानून के अनुसार मामले की सुनवाई होगी और उन्हें पूरा न्याय मिलेगा।