शिवा शर्मा मौत मामला: मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे की तलाश में राईबरेली पहुंची लखनऊ पुलिस

Sushant Singh19 October 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
शिवा शर्मा मौत मामला: मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे की तलाश में राईबरेली पहुंची लखनऊ पुलिस

बिजनेसमैन और कैफे मालिक शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में लखनऊ पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे की तलाश में पुलिस की एक विशेष टीम राईबरेली पहुंची, जहां उसने आरोपी के मायके में छापेमारी की। पुलिस टीम ने रामजी पुरम इलाके में स्थित श्रद्धा के पिता एस.पी. दुबे और उसकी सौतेली मां से करीब डेढ़ घंटे तक बंद कमरे में पूछताछ की, हालांकि बाहर मौजूद मीडिया को पुलिस ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

इनाम घोषित और अधिकारियों पर गिरी गाज

इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम की घोषणा की है। मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे पर 50,000 रुपये, जबकि उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली (उर्फ दानिश) पर 25,000-25,000 रुपये का इनाम रखा गया है। पुलिस की 10 टीमें इन फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

मामले में लापरवाही बरतने के आरोपों के बाद प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई हुई है। लखनऊ पुलिस कमिश्नर ने हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को पुलिस लाइन भेज दिया है, वहीं डीसीपी विक्रांत वीर को मुख्यालय से संबद्ध किया गया है और एक एसीपी को भी हटा दिया गया है।

जांच टीम इस समय उन सबूतों को खंगाल रही है जो मौत की असल वजह बता सकें। मृतक शिवा शर्मा की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में शरीर पर 11 अलग-अलग चोटों के निशान मिले हैं, जो मौत की गुत्थी को और उलझा रहे हैं। पुलिस अपार्टमेंट परिसर के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है।

ताजा अपडेट के मुताबिक, श्रद्धा दुबे की आखिरी लोकेशन नेपाल सीमा के पास मिली है, जिससे पुलिस को अंदेशा है कि वह देश छोड़कर भागने की फिराक में हो सकती है। दूसरी ओर, श्रद्धा ने मीडिया के जरिए इन सभी आरोपों को खारिज किया है। उसका दावा है कि शिवा शर्मा ने 15 से 20 लाख के कर्ज के कारण चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या की थी। उसने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की है। वहीं, श्रद्धा के एक पूर्व ड्राइवर ने उसके तौर-तरीकों पर सवाल उठाते हुए देर रात की पार्टियों और रसूखदार लोगों को ब्लैकमेल करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

Share:

Comments

Leave a comment