शाहजहाँपुर: भव्य शोभायात्रा के साथ खिरनी बाग रामलीला का शानदार आगाज

उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर में आस्था और उत्साह का सैलाब उमड़ पड़ा है। शनिवार को शहर में शाहजहाँपुर खिरनी बाग रामलीला का शुभारंभ एक भव्य गणेश शोभायात्रा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ। इस उत्सव की शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने की, जो आयोजन संस्था के संरक्षक भी हैं।
कार्यक्रम का आगाज मंत्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा भोलागंज स्थित श्री नरसिंह भगवान मंदिर में पूजा-अर्चना और आरती के साथ किया गया। इसके बाद उन्होंने भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की प्रतिमाओं का पूजन किया। उत्सव के मुख्य आकर्षण 'राम रथ' की पूजा करने के बाद मंत्री जी ने रथ को खींचकर शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाई।
भक्तिमय माहौल में गूंजा 'जय श्री राम'
यह शोभायात्रा बेहद भव्य थी, जिसमें भगवान गणेश, शिव-पार्वती, माता दुर्गा, माता सरस्वती, लक्ष्मी-नारायण और वरुण देव की मनमोहक झांकियां शामिल थीं। जुलूस में हाथी, घोड़े, टिल्ली घोड़ी और ढोल-नगाड़ों के साथ-साथ डीजे पर बजते भक्ति गीतों ने माहौल को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया। इस आयोजन में मैनपुरी और छिब्रामऊ से आए पेशेवर बैंड और रथ समूहों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
शोभायात्रा गांधी गंज से शुरू होकर केरुगंज चौराहा, रंगमहल, खोया मंडी, छोटा चौक, बड़ा चौक, कच्चा कटरा, मालखाना मोड़, घंटाघर, मशीनरी मार्केट और सदर बाजार होते हुए खिरनी बाग रामलीला मैदान पहुंची। पूरे रास्ते भक्तों ने पुष्प वर्षा की, आरती उतारी और तिलक लगाकर स्वागत किया। जगह-जगह प्रसाद और मिठाइयों का वितरण हुआ और पूरा शहर 'जय श्री राम' के जयकारों से गूंज उठा।
रामलीला मैदान पहुंचने के बाद सभी देवी-देवताओं को मंच पर विराजमान किया गया, जिसके बाद मंत्री खन्ना ने गणेश पूजन और हवन संपन्न कराया। नव चेतना कला परिषद के अध्यक्ष मनोज पटेल ने बताया कि इस उत्सव के दौरान सती मोह, शिव विवाह, मनु-शतरूपा तप, रावण तप, नारद मोह, राम जन्म और बाल लीला जैसे विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।