शाहजहाँपुर: बिजली के खंभे पर केबल लगाने को लेकर खूनी संघर्ष, फायरिंग में 11 घायल
शाहजहाँपुर के कटरा इलाके में बिजली के खंभे पर केबल लगाने को लेकर खूनी संघर्ष हुआ, जिसमें फायरिंग के बाद 11 लोग घायल हो गए।

उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर जिले में एक मामूली सी बात ने हिंसक रूप ले लिया। कटरा थाना क्षेत्र में रविवार रात बिजली के खंभे पर केबल कनेक्शन लगाने के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और फायरिंग हुई। इस खूनी संघर्ष में महिलाओं समेत कुल 11 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई को छर्रे लगे हैं।
घटना की शुरुआत रात करीब 11:30 बजे हुई, जब दीननाथ नाम के व्यक्ति ने देखा कि उसका पड़ोसी अरविंद उसी बिजली के खंभे पर केबल बांध रहा है, जहाँ दीननाथ की केबल पहले से लगी हुई थी। देखते ही देखते दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के परिवार के सदस्य मौके पर इकट्ठा हो गए और बात गाली-गलौज से शुरू होकर लाठी-डंडों और फिर गोलीबारी तक पहुँच गई।
गंभीर रूप से घायल तीन लोग मेडिकल कॉलेज रेफर
इस हिंसक झड़प में दीननाथ, मोहित, संत कुमार, नीतू, अरविंद, सोनू, राजवीर, नन्ही देवी, विमलेश कुमारी और पारुल समेत 11 लोग चोटिल हुए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण दीननाथ, संत कुमार और अरविंद को प्राथमिक उपचार के बाद शाहजहाँपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही तिलहर सर्किल ऑफिसर (CO) विदुष सक्सेना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और मामले की जाँच की। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें मिली हैं। फायरिंग की घटना की गहनता से जाँच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।