सहारनपुर: आवारा कुत्तों का कहर, 11 साल के मासूम को नोंच-नोंच कर मारा
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में आवारा कुत्तों के हमले में 11 साल के मासूम की मौत। गांव में दहशत का माहौल, प्रशासन से कार्रवाई की मांग।

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। यहां के बेलडा जुनारदार गांव में आवारा कुत्तों के एक झुंड ने 11 साल के मासूम प्रियांशु को अपना शिकार बना लिया। कुत्तों ने बच्चे को इतनी बुरी तरह नोंचा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, प्रियांशु अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और पांचवीं कक्षा में पढ़ता था। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे वह घर से खेलने के लिए निकला था, लेकिन जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। रात भर परिवार और गांव वालों ने उसकी तलाश की, सोशल मीडिया पर भी मैसेज शेयर किए गए, लेकिन प्रियांशु का कहीं कोई पता नहीं चला।
शनिवार की सुबह जब गांव के पास एक खेत में प्रियांशु का शव मिला, तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। आशंका जताई जा रही है कि आवारा कुत्तों ने बच्चे को खींचकर जंगल की ओर ले जाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलते ही नागल पुलिस स्टेशन की टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स मौके पर पहुंचे और सबूत जुटाए। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
गांव में बढ़ता कुत्तों का आतंक, पहले भी हो चुके हैं हमले
इस दर्दनाक हादसे ने गांव वालों के पुराने जख्मों को हरा कर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में आवारा कुत्तों का आतंक काफी समय से बढ़ गया है। लोगों ने बताया कि महज दो दिन पहले भी कुत्तों ने आरव और सोनू नाम के दो अन्य बच्चों पर हमला किया था, जिसमें वे घायल हो गए थे।
मासूम की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है। लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द इन खूंखार कुत्तों को पकड़ा जाए ताकि गांव के अन्य बच्चे सुरक्षित रह सकें। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा गांव इस समय गहरे सदमे में है।