सहारनपुर: दूल्हों के नाम को लेकर विवाद, शादी से पहले बहनों ने मांगी पुलिस सुरक्षा
सहारनपुर की दो बहनों को शादी से पहले मिल रही हैं धमकियां। दूल्हों के नाम पर विवाद बढ़ा, अब पुलिस से मांगी सुरक्षा।

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दो बहनों की शादी खुशियों के बजाय विवादों के साये में सिमटती नजर आ रही है। गंगोह के अनारकली मोहल्ले की रहने वाली इन दो मुस्लिम बहनों को उनकी आगामी शादी से पहले धमकियां मिल रही हैं। मामला इतना बढ़ गया है कि अब दोनों बहनों ने अपनी सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस की गुहार लगाई है।
जानकारी के मुताबिक, इन बहनों की शादी 12 नवंबर 2026 को मोहल्ला मोहम्मद गौरी स्थित एक गार्डन में दो भाइयों के साथ तय हुई है। विवाद की मुख्य वजह दूल्हों के नाम हैं। बताया जा रहा है कि दूल्हों के नाम पारंपरिक रूप से हिंदू संस्कृति से जुड़े हैं, जिसे लेकर कुछ लोग विरोध कर रहे हैं। हालांकि, बहनों का दावा है कि दूल्हे मुस्लिम हैं और उनके परिवार में पीढ़ियों से इस तरह के नाम रखने की परंपरा रही है।
धमकी के फोन से बढ़ा तनाव
पीड़ित बहनों ने गंगोह कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि कुछ अज्ञात लोग इस शादी का विरोध कर रहे हैं और इसे रोकने की कोशिश कर रहे हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने गार्डन के मालिक को फोन कर धमकी दी कि अगर शादी हुई, तो वह रोहित प्रधान को बुलाकर वहां हंगामा करवाएगा। इस धमकी के बाद गार्डन मालिक अब शादी का आयोजन करने से कतरा रहा है, जिससे बहनों की शादी की योजना संकट में पड़ गई है।
पीड़ितों ने पुलिस से मांग की है कि धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और शादी के दिन सुरक्षा मुहैया कराई जाए ताकि समारोह शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।
इस पूरे मामले पर सर्कल ऑफिसर (CO) शैलेंद्र प्रताप गौतम ने पुष्टि की है कि उन्हें शिकायत मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं और धमकी भरे फोन कॉल की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।