सहारनपुर: पुलिस की गाड़ी से 1.5 लाख का वायरलेस सेट गायब, मामला दर्ज
सहारनपुर में पुलिस की गाड़ी से 1.5 लाख रुपये का केनवुड वायरलेस सेट चोरी हो गया है। मामला अब सदर बाजार थाने पहुंच गया है।

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस की अपनी ही गाड़ी से कीमती वायरलेस सेट चोरी हो गया। करीब 1.5 लाख रुपये की कीमत वाले इस केनवुड (Kenwood) वायरलेस सेट के गायब होने का पता तब चला जब पुलिस विभाग में भौतिक सत्यापन (फिजिकल वेरिफिकेशन) की प्रक्रिया चल रही थी।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना वाहन संख्या UP14AG0509 में हुई। जब जांच की गई तो पता चला कि गाड़ी में लगा मुख्य वायरलेस यूनिट और DTMF माइक्रोफोन गायब है। हालांकि, गाड़ी का एंटीना और बैटरी लीड मौके पर ही मिले, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण उपकरण गायब थे। बता दें कि यह वायरलेस सेट साल 2023 में इस वाहन में लगाया गया था।
लापरवाही या चोरी? ट्रांसपोर्ट ब्रांच ने नहीं दिया जवाब
हैरानी की बात यह है कि उपकरण के गायब होने के बाद प्रशासन ने इस मामले में कई बार जवाब मांगा। 10 मई, 22 मई और फिर 4 नवंबर को ट्रांसपोर्ट ब्रांच से औपचारिक रूप से जानकारी मांगी गई कि वायरलेस सेट कहां है, लेकिन वहां से कोई संतोषजनक जवाब या स्पष्टीकरण नहीं मिला।
जब काफी कोशिशों के बाद भी डिवाइस का कोई सुराग नहीं लगा, तो पुलिस लाइन की जनरल डायरी (GD) में इसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब रेडियो इंस्पेक्टर ने सरकारी संपत्ति के नुकसान और चोरी के संबंध में सदर बाजार थाने में आधिकारिक तौर पर मुकदमा दर्ज कराया है, ताकि इस मामले की कानूनी जांच की जा सके और दोषियों का पता लगाया जा सके।