सहारनपुर: बीच सड़क बने कूड़ाघर से परेशान शख्स ने शुरू की भूख हड़ताल, नगर निगम के खिलाफ फूटा गुस्सा
सहारनपुर के नुमाइश कैंप में कूड़ाघर से परेशान विजयकान्त चौहान ने भूख हड़ताल शुरू की। स्थानीय लोगों ने नगर निगम के खिलाफ पुतला फूंका।

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में नगर निगम की अनदेखी अब आम जनता के सब्र का बांध तोड़ रही है। नुमाइश कैंप इलाके में बीच सड़क पर बने एक कूड़ाघर को हटाने की मांग को लेकर विजयकान्त चौहान ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। यह कदम उन्होंने तब उठाया जब वर्षों तक महापौर, स्थानीय पार्षदों और अधिकारियों के चक्कर काटने के बाद भी उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं निकला।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस कूड़ाघर में शहर के अलग-अलग हिस्सों से कचरा लाकर फेंका जा रहा है। स्थिति इतनी बदतर है कि इसमें मृत जानवरों के शव भी डाले जाते हैं, जिससे पूरे इलाके में असहनीय दुर्गंध और गंदगी फैल गई है। इस समस्या का असर न केवल स्थानीय निवासियों और दुकानदारों पर पड़ रहा है, बल्कि राहगीरों और स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत प्राचीन सिद्धपीठ गौ देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को हो रही है, जिन्हें इस गंदगी के बीच से गुजरना पड़ता है।
जाम और गंदगी से लोग बेहाल, पुतला फूंककर जताया विरोध
कूड़ाघर की वजह से केवल गंदगी ही नहीं, बल्कि ट्रैफिक की समस्या भी विकराल हो गई है। कूड़ा ढोने वाले बड़े वाहनों और जेसीबी मशीनों के कारण सड़क पर अक्सर जाम लग जाता है। इस मुद्दे पर विजयकान्त चौहान के समर्थन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और हिंदू संगठनों के लोग जुटे। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम के खिलाफ पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच आपसी राजनीतिक मतभेदों की वजह से आम जनता को इस नरक जैसी स्थिति में रहने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
विजयकान्त चौहान ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि फिलहाल उनकी यह भूख हड़ताल शांतिपूर्ण और सांकेतिक है। लेकिन अगर प्रशासन और नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर आकर कूड़ाघर हटाने का ठोस आश्वासन नहीं देते हैं, तो इस आंदोलन को अनिश्चितकालीन आमरण अनशन में बदल दिया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान महामंडलेश्वर अनिल कौदण्ड, योगेश दुआ, अशोक राजपूत, पिंकी गुप्ता, संदेश खुराना, विजय चावला, कार्तिक चौहान, सोना पंडित और प्रदीप डोडा समेत कई समाजसेवी और हिंदू संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में कूड़ाघर को तुरंत हटाने की मांग की।