हाथरस में सनसनी: रिटायर्ड फौजी और उनकी पत्नी की गला रेतकर बेरहमी से हत्या

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ सादाबाद इलाके में एक रिटायर्ड फौजी और उनकी पत्नी की उनके ही घर में धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। यह वारदात इतनी खौफनाक थी कि जब शव बरामद हुए, तो पूरा घर खून से लथपथ था। हाथरस डबल मर्डर केस ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 58 वर्षीय पूर्व सैनिक शमशुद्दीन और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। यह परिवार सादाबाद के बाईपास रोड पर ताज बॉडी के पास रहता था। घटना का खुलासा रविवार सुबह तब हुआ जब पड़ोसियों को कुछ शक हुआ। आमतौर पर घर के दरवाजे समय पर खुल जाते थे, लेकिन रविवार सुबह करीब 9:30 बजे तक भी दरवाजा बंद रहा।
जब पड़ोसियों ने रिश्तेदारों की मदद से घर का दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा देख सबके होश उड़ गए। शमशुद्दीन और उनकी पत्नी के शव खून से सराबोर फर्श पर पड़े थे और उनके गले गहरे जख्म थे। आनन-फानन में स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
जांच में जुटी पुलिस और फॉरेंसिक टीम
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को तुरंत सील कर दिया ताकि सबूतों के साथ छेड़छाड़ न हो सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने सबूत जुटाने का काम किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल इस दोहरे हत्याकांड के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह किसी आपसी रंजिश का मामला है या लूटपाट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और परिवार के सदस्यों व पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।