आगरा: रिटायर्ड DSP ने महिला सफाईकर्मी को लाठी से पीटा, CCTV वीडियो वायरल होने पर हंगामा
आगरा में एक रिटायर्ड डीएसपी द्वारा महिला सफाईकर्मी की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद सफाईकर्मियों ने थाने का घेराव किया।

उत्तर प्रदेश के आगरा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक रिटायर्ड डीएसपी (DSP) पर महिला सफाई कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है। यह घटना न्यू आगरा थाना क्षेत्र के दयालबग स्थित सुदामा बाग की है। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग आरोपी अधिकारी की कार्यशैली की कड़ी निंदा कर रहे हैं।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि शुरुआत में रिटायर्ड डीएसपी अपने घर के बाहर हाथ में झाड़ू लिए खड़ी महिला सफाईकर्मी से बात कर रहे हैं। बातचीत के दौरान ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो जाता है। इसके बाद आरोपी व्यक्ति अपने घर के अंदर जाता है और वहां से एक लाठी निकाल कर लाता है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे वह महिला पर लाठी से हमला करता है और उसकी पिटाई करता है। हालांकि, इस विवाद की असल वजह क्या थी, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
सफाईकर्मियों ने किया थाने का घेराव, गिरफ्तारी की मांग
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम के सफाई कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में सफाईकर्मी न्यू आगरा थाने पहुंचे और पुलिस स्टेशन को घेरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि आरोपी रिटायर्ड डीएसपी के खिलाफ तुरंत एफआईआर (FIR) दर्ज की जाए और उसे गिरफ्तार किया जाए। सफाईकर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन शुरू करेंगे।
इस पूरे मामले पर न्यू आगरा पुलिस स्टेशन के एसएसआई सुनील ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच मौखिक समझौता हो गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक कानूनी कार्रवाई के लिए कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अगर कोई भी पक्ष लिखित शिकायत करता है, तो नियमों के मुताबिक उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।